अधिकारी झूठ बोलना बंद करें, हालात कुछ और ही बता रहे है- गवर्नर कटारिया
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 05:37 PM (IST)
पंजाब डेस्क : पंजाब गवर्नर गुलाब चंद कटारिया आज अधिकारियों पर तंज कसते हुए नजर आए। चंडीगढ़ में वन महोत्सव समारोह के दौरान पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सरकार के दावों पर खुलकर सवाल उठाए हैं। पेड़-पौधों के आंकड़ों पर चुटकी लेते हुए गवर्नर ने कहा कि अगर सरकार के हर साल लगाए जाने वाले पौधों के दावों को जोड़ दिया जाए तो शहर में एक इंच भी ज़मीन खाली नहीं बचेगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले में चंडीगढ़ खुशकिस्मत शहर है, जहां आज भी 50-50 साल पुराने बरगद के पेड़ खड़े हैं। इन पेड़ों को हर कीमत पर बचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण लगातार खराब हो रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण अमरनाथ गुफा का शिवलिंग है, जो बर्फ का बना है। पहले भक्त पैदल चलकर दर्शन करते थे, लेकिन इस बार करीब 7 फीट ऊंचा शिवलिंग तीन दिन में पिघल गया।
प्रशासक कटारिया ने कहा कि हर साल विभाग द्वारा दावा किया जाता है कि, वन महोत्सव के मौके पर 1 लाख, 1 करोड़ पौधे लगा दिए गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, अगर इन सबका हिसाब लगाने लगे तो जमीन एक इंच भी खाली नहीं रहेगी। कटारिया ने वन विभाग के दावों पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को वास्तविक स्थिति पर ध्यान देने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में पौधे लगाने के आंकड़े पेश किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका प्रभाव नजर नहीं आता। यदि पिछले वर्षों में बताए गए आंकड़ों के अनुसार करोड़ों पौधे वास्तव में लगाए गए होते, तो शहर और आसपास के क्षेत्रों में खाली जमीन दिखाई ही नहीं देती। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि उपलब्धियों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने के बजाय वास्तविक कार्यों पर फोकस किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल रिपोर्टों और आंकड़ों के आधार पर सम्मान हासिल कर लेना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई स्थानों पर पहाड़ और हरित क्षेत्र आज भी अपेक्षित रूप से विकसित नहीं हो पाए हैं। इस दौरान गुलाब चंद कटारियां ने कहा कि, अधिकारियों द्वारा बड़े-बड़े दावे बढ़ा चढ़ाकर किए जाते हैं जबकि हकीकत कुछ और ही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

