Punjab Budget Session: मोड़ ब्लास्ट की जांच को लेकर खैहरा गुट ने सदन से किया वॉक आउट

punjabkesari.in Friday, Feb 22, 2019 - 12:08 PM (IST)


चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा बजट के आठवें दिन बठिंडा स्थित मोड़ मंडी में हुए ब्लास्ट को लेकर खैहरा गुट ने शुक्रवार को सदन से वॉक आउट कर दिया। खैहरा गुट ने आरोप लगाया कि इस घटना को ढाई साल बीत जाने पर भी सरकार जांच करवाने में असफल रही है। इस मामले को मोड़ के स्थानीय विधायक जगदेव सिंह कमालू ने सदन में उठाया। जिसके बाद खैहरा गुट के विधायकों ने इस पर नारेबाजी शुरू कर दी और जांच की मांग करने लगे। क्या है मामला...
कमालू ने सदन से बाहर आकर मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में 2 राहगिरों समेत पांच मासूम बच्चों की जान चली गई थी। वह इस मामले को हर बार सदन में उठाते हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगती है। 31 जनवरी 2017 को कांग्रेसी प्रत्याशी हरमिंदर सिंह जस्सी की जनसभा के बाद हुए ब्लास्ट में 5 मासूमों सहित 7 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 32 लोग घायल हुए थे।  विधानसभा चुनाव के करीब होने वाले इस ब्लास्ट के चलते चुनाव आयोग ने भी सख्ती दिखाई थी। बता दें कि घटनास्थल के आसपास जगह-जगह पर पुलिस व केंद्रीय बल तैनात थे और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे। इसके बावजूद ब्लास्ट करने वाले लोग यहां से बचकर निकल गए थे।

Suraj Thakur