स्वतंत्रता दिवस पर खन्ना में गूंजे खालिस्तान जिंदाबाद के नारे

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2020 - 11:04 AM (IST)

खन्ना (कमल): स्वतंत्रता दिवस पर खन्ना के उच्चा वेहड़ा चौक में शिव सेना पंजाब के महंत कश्मीर गिरि द्वारा राष्ट्रीय झंडा लहराया गया, इस दौरान महंत कश्मीर गिरि के नेतृत्व में शिव सैनिकों द्वारा जरनैल सिंह खालसा भिंडरांवाले, खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू और अन्य सिख शहीदों के पोस्टरों को पैरों के नीचे फैंककर अपमान करते हुए खालिस्तान विरोधी नारेबाजी करके पोस्टरों को आग लगाई गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक निहंग सिंह ने इसका विरोध किया तो शिव सैनिक उक्त निहंग सिंह के साथ भिड़ गए और उसके शस्त्र छीनकर उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना मिलते ही मौके पर डी.एस.पी. खन्ना राजन परमिंद्र सिंह और थाना सिटी 2 के एस.एच.ओ. हरविंद्र सिंह खैहरा समेत पुलिस पार्टी पहुंच गई और शिव सैनिकों के कहने पर निहंग सिंह को नजदीक पड़ते थाना सिटी-2 खन्ना में ले गई और निहंग सिंह व उसके साथी के खिलाफ कार्रवाई करने लगी। 

दूसरी तरफ इसकी सूचना मिलते ही शिअद (अमृतसर) खन्ना के अध्यक्ष परमजीत सिंह रिंका के नेतृत्व में दल खालसा, बहुजन मुक्ति मोर्चा व अन्य पार्टियों द्वारा थाना सिटी-2 के आगे धरना दिया गया और शहीदों की तस्वीरों के साथ अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर धरनाकारियों ने खालिस्तान के हक में नारेबाजी की। निहंग सिंह रुपिंद्र सिंह ने बताया कि वह वहां से गुजर रहा था कि शिव सैनिक पन्नू के अलावा अन्य शहीदों की तस्वीरों का अपमान कर रहे थे, जिसका उसने विरोध किया और कहा कि वह पन्नू के समर्थक नहीं हैं परन्तु अन्य शहीदों का अपमान न किया जाए जिस पर शिव सैनिकों ने उसके साथ धक्केशाही की और उसका शस्त्र छीन लिया। पुलिस जिला खन्ना के एस.पी. (डी.) मनप्रीत सिंह ने धरनाकारियों को विश्वास दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और निहंग सिंह रुपिंद्र सिंह को रिहा कर दिया गया।

सब-डिवीजन खन्ना के डी.एस.पी. राजन परमिंद्र सिंह ने बताया कि धरनाकारियों द्वारा जो शिकायत दी गई है, उसकी जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।  धरने पर अकाली दल (अ) के जिला फतेहगढ़ साहिब के अध्यक्ष शिंगारा सिंह बडला, महासचिव भुपिंद्र सिंह फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना (देहाती) के अध्यक्ष प्रीतम सिंह मानगढ़, बलजिंद्र सिंह पांगली, वरिंद्र सिंह सेखों, ईश्वर सिंह मानूपुर आदि उपस्थित थे। इस दौरान शिव सेना पंजाब के महंत कश्मीर गिरि ने बताया कि वह स्वतंत्रता दिवस पर झंडा लहरा रहे थे कि इस निहंग ने अपने नेजे के साथ राष्ट्रीय झंडे को नुक्सान पहुंचाने का प्रयत्न किया, जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News