KZF चीफ नीटा ने भेजी थी BSF द्वारा पकड़ी गई 300 करोड़ की हैरोइन

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2020 - 08:50 AM (IST)

गुरदासपुर(विनोद): सीमा सुरक्षा बल के जवानों द्वारा गत दिनों पकड़ी गई लगभग 300 करोड़ रुपए की 60 किलो हैरोइन खालिस्तान जिन्दाबाद फोर्स (के.जैड.एफ.) के स्वयंभू चीफ तथा पाकिस्तान की गुप्तचर एजैंसी के विशेष कृपापात्र बने रंजीत नीटा द्वारा भेजी गई थी। भारतीय गुप्तचर एजैंसियों द्वारा इस संबंधी बेशक खुलासा नहीं किया जा रहा है, परंतु उन्हें जानकारी है कि पाकिस्तान से इतनी बड़ी हैरोइन की खेप केवल नीटा निवासी जम्मू ही भेज सकता है। 

सूत्रों के अनुसार नीटा 3-4 दिन से अपने 2 साथियों के साथ भारतीय पोस्ट नंगली घाट के सामने पाकिस्तान की रेंजर पोस्ट यूबंद पर ठहरा हुआ था। उसने ही यह हैरोइन मौका देखकर दरिया के रास्ते भारतीय तस्करों को भेजी थी। भारतीय गुप्तचर एजैंसियां इस बात की जानकारी जुटा रही हैं कि सीमावर्ती इलाकों में किन मोबाइल नंबरों पर पाकिस्तान से हैरोइन की खेप भेजने का संदेश भेजा गया था। नीटा जिसे पाकिस्तान की गुप्तचर एजैंसी ने भारत में नशीले पदार्थ भेजने का काम सौंप रखा है वह एल.ओ.सी. पर तनाव के चलते भारतीय सेना द्वारा की गई सख्ती के कारण पंजाब की सीमा को प्रयोग करने की साजिश रच रहा है। गुप्तचर एजैंसियों अनुसार इस समय नीटा ने लगभग 300 किलो हैरोइन यूबंद पोस्ट पर रखी हुई है तथा वह फिर भारत में दरिया के रास्ते हैरोइन भेजने की कोशिश करेगा।


पाकिस्तान की किसी साजिश को सफल नहीं होने देंगे : डी.आई.जी. 
सीमा सुरक्षा बल के गुरदासपुर सैक्टर के डी.आई.जी. राजेश शर्मा ने कहा कि जिस रात 60 किलो हैरोइन पकड़ी थी उस रात यूबंद पोस्ट के टावर से पाकिस्तानी रेंजर हमारी गतिविधियों देख रहे थे। जैसे ही जवानों ने हैरोइन की खेप पकड़ी उसी समय दरिया किनारे जो पाकिस्तानी रेंजर व नीटा के आदमी आए हुए थे पोस्ट पर भाग गए। उन्होंने स्वीकार किया कि रावी दरिया में पाकिस्तान से जो भी चीज डाली जाएगी वह तैरती हुई अपने आप ही भारतीय इलाके में आ जाएगी। इसलिए कुछ विशेष स्थानों पर सीमा सुरक्षा बल के जवान विशेष सतर्कता रखे हुए हैं। हैरोइन नीटा ने भेजी है या नहीं, इस संबंधी वह कुछ नहीं बता सकते, परंतु सीमा सुरक्षा बल के जवान पाकिस्तान तथा रंजीत सिंह नीटा की किसी साजिश को सफल नहीं होने देंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News