Punjab का लाडोवाल Toll Plaza हुआ Free! बिना टोल टैक्स दिए गुजर रहे वाहन
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 02:08 PM (IST)
लुधियाना (अनिल): बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा ने मंगलवार को नेशनल हाईवे स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा को करीब 2 घंटे के लिए फ्री कर दिया, जिसके चलते वाहन चालकों से कोई टोल टैक्स नहीं वसूला गया।
धरने को संबोधित करते हुए मोर्चा नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लंबे समय से जेलों में बंद सिख कैदियों की रिहाई को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि कई बंदी सिख पिछले कई वर्षों से जेलों में बंद हैं, लेकिन उनकी रिहाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। मोर्चा नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द बंदी सिखों की रिहाई का ऐलान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में रेल रोको आंदोलन समेत अन्य बड़े प्रदर्शन भी किए जा सकते हैं।
धरने के दौरान टोल प्लाजा से गुजरने वाले सभी वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए जाने दिया गया। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और निर्धारित समय के बाद टोल प्लाजा पर टोल वसूली का कार्य फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया।

