दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी, खतरनाक Gangster के साथ लिव इन रिलेनशिप में रहने वाली लेडी डॉन भी चढ़ी पुलिस के हत्थे

punjabkesari.in Saturday, Jul 31, 2021 - 04:29 PM (IST)

नई दिल्लीः अपराध के कई मामलों में वांछित पंजाब के कुख्यात बदमाश काला जठेड़ी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने शनिवार को कहा कि उसने राजस्थान की एक कुख्यात महिला बदमाश को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि महिला की पहचान अनुराधा के तौर पर हुई है। वह राजस्थान में वसूली, अपहरण और हत्या के कई मामलों में संलिप्त थी।

राजस्थान पुलिस ने अनुराधा की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम रखा था। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ-काउंटर इंटेलिजेंस) मनीषी चंद्रा ने बताया कि अनुराधा कुख्यात बदमाश आनंदपाल सिंह की सहयोगी थी। सिंह 2017 में राजस्थान के चुरू जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। चंद्रा ने कहा कि एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कुख्यात बदमाश संदीप उर्फ काला जठेड़ी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने कहा कि दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में रंगदारी, हत्या और अन्य जघन्य अपराध के कई मामलों में वांछित काला जठेड़ी पर सात लाख रुपये का इनाम घोषित था। दिल्ली पुलिस ने जठेड़ी के खिलाफ कड़े महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) भी लगाया था। पुलिस के अनुसार, छत्रसाल स्टेडियम में हुए विवाद में जठेड़ी के रिश्तेदार सोनू के घायल होने पर उसका नाम सामने आया था। मामले में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पहलवान सुशील कुमार के साथ जठेड़ी के कथित संबंधों की भी जांच कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News