सरकारी सम्मान के साथ फौजी को दी अंतिम विदाई, 3 साल पहले हुआ था विवाह

punjabkesari.in Tuesday, Mar 23, 2021 - 11:34 AM (IST)

बटाला/कादियां (साहिल, योगी, जीशान): गांव काहलवां के एक 29 वर्षीय आर्मी में ड्यूटी करते फौजी युवक के सड़क हादसे में शहीद होने का समाचार प्राप्त हुआ है। इस संबंधी मृतक के पिता तरसेम सिंह ने बताया कि उनका लड़का सिंकदर सिंह (29) जो आज से करीब 9 वर्ष पहले आर्मी में फौजी भर्ती हुआ था और उसका विवाह करीब 3 वर्ष पहले गांव मनोहरपुर की लड़की लवप्रीत से हुआ था, उसकी एक डेढ़ वर्ष की लड़की भी है, उन्होंने बताया कि यह उनका इकलौता बेटा था, जोकि ड्यूटी दौरान सड़क हादसे में शहीद हो गया। आर्मी के उच्चाधिकारी मृतक का पार्थिव शव लेकर गांव पहुंचे और सरकारी सम्मान के साथ शहीद को सलामी देने के पश्चात उसका अंतिम संस्कार किया गया।

इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के कौमी जत्थेबंधक सचिव गुरइकबाल सिंह माहल, पार्षद गुरदिलबाग सिंह माहल, रणजीत सिंह, सरपंच सिकंदर सिंह, सुखविंद्र सिंह, प्रेम सिंह ने पीड़ित परिवार के साथ दुख सांझा किया और कहा कि सिकंदर सिंह के शहीद होने से परिवार को न पूरी होने वाली कमी हुई है। उन्होंने सरकार से पुरजोर मांग की कि शहीद के परिवार की आर्थिक सहायता की जाए। हैरानी की बात है कि कोई भी प्रशासनिक अधिकारी या मंत्री मृतक फौजी के अंतिम संस्कार पर शामिल नहीं हुआ जिससे परिवार और गांव के लोगों में रोष है।
 

Content Writer

Tania pathak