पंजाब में कानून व्यवस्था चौपट: भगवंत मान

punjabkesari.in Thursday, Mar 14, 2019 - 09:58 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान भगवंत मान ने मुख्यमंत्री अमरेंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि पिछली अकाली सरकार को कोसने वाली कांग्रेस के राज में भी कानून व्यवस्था चरमरा गई है जिसके कारण आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है। 

मान ने आज यहां कहा कि राज्य में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। आए दिन लूटपाट या अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। आप पार्टी पटियाला (देहाती) के जिला प्रधान चेतन सिंह जौड़ माजरा को शरारती तत्वों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि जौैड़ माजरा पर हमला तब हुआ जब वह गुंडे एक लड़की को अगवा करने की कोशिश कर रहे थे और आप नेता ने लड़की को बचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राज्य में यह ऐसी कोई पहली घटना नहीं है। कानून और पुलिस के डर से बेखौफ गुंडे ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे है। 

आप पार्टी के एक शिष्टमंडल ने इस घटना के बारे में मुख्य चुनाव अधिकारी से मुलाकात की। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि सरकार और पुलिस की नालायकी के कारण पंजाब की बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। हर रोज लूटपाट, छेड़छाड़ और बलात्कार जैसी घटनाओं के कारण हर नागरिक में डर का माहौल में है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर राजनेताओं का दवाब है जिसके कारण पुलिस अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभा रही। अपराधियों और गैंगस्टरों को राजनीतिक संरक्षण मिला होने से अपराधियों के हौंसले बुलंद है। 
 

Vaneet