ड्रग मामले में अदालती सम्मन के बाद खैहरा विपक्ष नेता पद छोड़ें : जाखड़

punjabkesari.in Thursday, Nov 02, 2017 - 03:33 AM (IST)

जालंधर  (धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज आम आदमी पार्टी (‘आप’) पर सियासी हमला बोलते हुए सुखपाल सिंह खैहरा को ड्राग मामले में अदालती सम्मन जारी होने के बाद विपक्ष नेता  पद छोडऩे की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज कहा कि फाजिल्का की अदालत द्वारा खैहरा को सम्मन भेजने के बाद जरूरी हो गया है कि वह विपक्ष नेता पद छोड़ दें। उन्होंने कहा कि खैहरा को तुरंत अपना सियासी पद भी छोड़ देना चाहिए। जाखड़ ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तुरंत इस घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए खैहरा को आम आदमी पार्टी के संयोजक पद से हटा देना चाहिए। 


उन्होंने कहा कि ‘आप’ नेता सुखपाल खैहरा पिछले कई महीनों से ड्रग्स के मामले में अमरेंद्र सरकार द्वारा छेड़े गए अभियान पर टिप्पणियां कर रहे थे परंतु अब वह स्वयं ड्रग मामले में घिर गए हैं। अब खैहरा को अमरेंद्र सरकार के खिलाफ बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्हें स्वयं अपने पर लगे आरोपों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।


जाखड़ ने कहा कि यह मामला पुलिस ने उजागर नहीं किया है बल्कि अदालत ने सम्मन भेजे हैं। कांग्रेसी नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब में नशा, तस्करी व व्यापार को लेकर उच्च नैतिकता की कसौटी पर स्वयं को सही साबित करने की कोशिश कर रही थी परंतु खैहरा प्रकरण के बाद उसकी छवि धूमिल हो गई है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने तो अब सियासी पार्टी होने का रूतबा भी खो दिया है। लोगों को इस पार्टी की सच्चाई के बारे में पता चल गया है। 


उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ड्रग्स के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी ‘आप’ के अलगाववादियों के साथ कथित तौर पर संबंध उजागर हुए थे। इस पार्टी को पंजाबी पहले ही विधानसभा चुनाव में नकार चुके हैं तथा उसके बाद गुरदासपुर उप चुनाव में इस पार्टी के उम्मीदवार की जमानत तक जब्त हो गई थी। 

Punjab Kesari