ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी पर की जाएगी कानूनी कार्रवाई : भाई लौंगोवाल

punjabkesari.in Sunday, Nov 03, 2019 - 03:28 PM (IST)

अमृतसर(दीपक): शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से श्री गुरु रामदास डैंटल कालेज में प्रधान भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल की अध्यक्षता में बुलाई धर्म प्रचार कमेटी की मीटिंग में ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया गया। यह कार्रवाई अखबारों में सिख सिद्धांतों को ठेस पहुंचाने वाले विज्ञापन छपवाने पर करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में कार्रवाई करने को पुलिस कमिश्नर को पत्र भी लिखा गया। 

भाई लौंगोवाल ने बताया कि ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी ने जहां पवित्र गुरुबाणी और एक ईश्वर की तुलना खुद से की है, वहीं श्री गुरु ग्रंथ साहिब और दसवें पातशाह जी की बाणी का भी निरादर किया है। उसने श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी को हिंदू देवी-देवताओं के साथ भी जोड़ा है। इस अपमान को किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस पर जहां कुमार स्वामी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वहीं पुलिस कमिश्नर को भी कार्रवाई करने को लिखा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को शहर में किया जा रहा उसका समागम रोकना चाहिए। इसी दौरान भाई लौंगोवाल और धर्म प्रचार कमेटी मैंबर्स ने सिख इतिहासकार हरविंदर सिंह खालसा की श्री गुरु नानक देव जी से संबंधित तीन पुस्तकें जारी कीं।

इस मौके पर कमेटी के सीनियर मीत प्रधान रघूजीत सिंह विर्क, बिक्कर सिंह चन्नू, भाई अजायब सिंह अभ्यासी, सुखवरश सिंह पन्नू, अवतार सिंह वणवाला, रामपाल सिंह बहणीवाला, मनजीत सिंह बप्पियाना, मुख्य सचिव डा. रूप सिंह, महेंदर सिंह आहली, अवतार सिंह सैंपला, कुलविन्दर सिंह रमदास, गुरिन्दर सिंह मथरेवाल, हरजिन्दर सिंह कैरोंवाल, दर्शन सिंह पी.ए. आदि मौजूद थे।

Edited By

Sunita sarangal