पंजाब के गांव में दहशत! लोगों को बेहद सावधान रहने की जरूरत

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 04:51 PM (IST)

नूरपुरबेदी (संजीव भंडारी): नूरपुरबेदी के गांव खेड़ा कलमोट के जंगलों में आबादी के पास एक तेंदुआ और उसके दो बच्चों की मौजूदगी से फैली दहशत को देखते हुए जंगली जीव विभाग हरकत में आ गया है। विभाग द्वारा लोगों से शिकायत मिलने के बाद बापू कुंभ दास जी की कुटिया के पास जंगल में तेंदुए को काबू करने के लिए पिंजरा लगाया है और लोगों से अलर्ट रहने की अपील भी की गई है।

गौरतलब है कि बीती रात गांव के लोगों ने एक तेंदुआ और उसके दो बच्चों को आबादी के पास घूमते देखा था। जिससे गांव में डर और दहशत का माहौल बन गया था। गांव वालों के मुताबिक यह तेंदुआ कई दिनों से जंगल में घूम रहा है और अब तक उनके कई पालतू जानवरों का शिकार कर चुका है। बीती रात फिर से तेंदुए की दस्तक से लोगों की चिंता और बढ़ गई।

इस बारे में गांव के बाबा शाम जी, राम कुमार, अशोक कुमार, गगन जोशी, बग्गा बापू, काकू व अन्य लोगों ने मिलकर जंगली जीव विभाग को मौखिक शिकायत दी, जिसके बाद आज जंगली जीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। जंगली जीव विभाग ने बापू कुंभ दास जी की कुटिया के पास जंगल में एक खास पिंजरा लगाया है, जिसके जरिए तेंदुए को सुरक्षित तरीके से काबू करने की कोशिश की जाएगी। विभाग के कर्मचारी पिंजरे और आस-पास के इलाके पर लगातार नजर रखेंगे, ताकि किसी भी तरह की अनचाही घटना से बचा जा सके।

इस मौके पर नूरपुरबेदी से पहुंचे जंगली जीव विभाग के फॉरेस्टर अजीतपाल सिंह, गुरमुख सिंह और जसप्रीत सिंह ने कहा कि उक्त पिंजरा लोगों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लगाया गया है और विभाग के कर्मचारी लगातार इस पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि लोग जंगल के इलाके में अकेले जाने से बचें और अगर तेंदुआ दिखे तो तुरंत जंगली जीव विभाग को बताएं। किसी भी हालत में जंगली जानवर को उकसाने या उसके पास जाने की कोशिश न करें। गांववालों ने विभाग के एक्शन का स्वागत किया और मांग की कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक इलाके में रोजाना पेट्रोलिंग जारी रखी जाए ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News