दसूहा के गांव में तेंदुए की दहशत, ग्रामीणों में खौफ का माहौल

punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 05:34 PM (IST)

हाजीपुर (जोशी): विधानसभा हलका दसूहा के अधीन आते गांव चक्कफाला (सलोड़ां) में बीती रात तेंदुआ देखे जाने से पूरे क्षेत्र में दहशत और भय का माहौल उत्पन्न हो गया है। रिहाइशी इलाके में वन्य जीव की इस आवाजाही से ग्रामीणों की नींद उड़ गई है। 

गांव के निवासी सतनाम सिंह साबी पुत्र संतोख सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह तेंदुआ पिछले कुछ ही दिनों के भीतर इलाके में घूमते हुए करीब 4 कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। बीती रात भी इसे गांव के नजदीक घूमते हुए देखा गया, जिसके बाद से लोगों में आवाजाही को लेकर डर बना हुआ है। ग्रामीण अब रात के समय अकेले बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। 

क्षेत्र के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने वन विभाग तथा प्रदेश के वन मंत्री से पुरजोर मांग की है कि रिहाइशी इलाके में सक्रिय इस तेंदुए से निजात दिलाने के लिए तुरंत कड़े कदम उठाए जाएं। लोगों ने प्रशासन से इलाके में वन विभाग की टीम तैनात करने, गश्त बढ़ाने और उचित स्थानों पर पिंजरे लगाकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने की गुहार लगाई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini