जलालाबाद में घर पर गिरी आसमानी बिजली, जोरदार धमाके से लगी आग

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 04:16 PM (IST)

जलालाबाद: जलालाबाद के विजय नगर इलाके में देर रात मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद एक बड़ा हादसा टल गया। आसमान में काले बादल छाने और तेज बिजली चमकने के साथ शुरू हुई बारिश के दौरान एक घर पर आसमानी बिजली गिर गई। इससे घर के एक कमरे में आग लग गई और भारी नुकसान हुआ।

मकान मालिक भारत भूषण ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे और एक कमरे में बैठे थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया। कुछ ही देर में तेज चमक और जोरदार धमाके के साथ बिजली उनके घर पर गिर गई। धमाका इतना तेज था कि वे घबराकर तुरंत कमरे से बाहर निकल आए।

आग ने पूरे कमरे को लिया चपेट में
बाहर आकर देखा तो पास वाले कमरे में लगे एसी में आग लगी हुई थी, जिसने धीरे-धीरे पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। धमाके की आवाज सुनकर विजय नगर गली नंबर-5 के आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए और अफरा-तफरी मच गई। सभी ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कमरे की छत को भारी नुकसान पहुंचा है और एसी पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि जिस कमरे में आग लगी, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। अगर कोई अंदर होता तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News