पंजाब कांग्रेस के 28 जिला प्रधानों की सूची राहुल गांधी के पास पहुंची

punjabkesari.in Saturday, May 12, 2018 - 12:09 PM (IST)

जालंधर  (धवन): मिशन-2019 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस द्वारा पंजाब में नए जिला प्रधानों का ऐलान जल्द किया जा सकता है। कांग्रेसी हलकों से पता चला है कि पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से सलाह-मशविरा करने के बाद मनोनीत किए जाने वाले राज्य के 28 जिला प्रधानों के नामों की सूची कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेज दी है।


राहुल गांधी के कार्यालय में उक्त सूची पड़ी हुई है। राहुल गांधी चूंकि कर्नाटक में राज्य विधानसभा के आम चुनावों में व्यस्त थे इसलिए जिला प्रधानों की सूची पर उनकी अंतिम मोहर नहीं लग सकी थी। बताया जाता है कि अब कर्नाटक में कल चुनाव सम्पन्न हो जाएंगे इसलिए राहुल गांधी द्वारा किसी भी दिन जिला प्रधानों की सूची को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी जाएगी। 


कांग्रेसी हलकों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा था कि जिला प्रधान बनाते समय अधिकांश नए चेहरों को सामने लाया जाए परन्तु जो जिला प्रधान सही ढंग से कार्य कर रहे हैं, उन्हें बरकरार रखा जा सकता है। पता चला है कि 28 जिला प्रधानों को नियुक्त करते समय इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि किसी भी विधायक या उनके रिश्तेदार को जिला अध्यक्ष पद पर न रहने दिया जाए। 
यह भी पता चला है कि पंजाब कांग्रेस के नए उपाध्यक्षों, नए महासचिवों व अन्य पदाधिकारियों का ऐलान दूसरे चरण में करने का प्रस्ताव है।

Sonia Goswami