केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व में UPA-3 के गठन का रास्ता साफ: अमरेन्द्र

punjabkesari.in Friday, May 10, 2019 - 09:04 AM (IST)

जालन्धर/संगरूर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा है कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार देश की सबसे बड़ी ताकत एकता को खत्म करना चाहती है। देश में 5 चरणों में मतदान सम्पन्न हो चुका है तथा अब 2 चरण और बाकी हैं। अभी तक मिल रहे रुझानों के अनुसार भाजपा व उनके सहयोगी चुनाव में पिछड़ गए हैं।

मुख्यमंत्री आज राज्य में विभिन्न रैलियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व में यू.पी.ए.-3 के गठन का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में विभिन्न धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी करने के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र इस समय कठिन समय से गुजर रहा है। लोकसभा चुनाव ने देश का भविष्य तय करना है। मोदी व उनके व्यक्ति देश की ताकत को छिन्न-भिन्न करना चाहते हैं तथा वह राजनीतिक हितों को साधने के लिए सशस्त्र सेनाओं की उपलब्धियों का स्वयं श्रेय ले रहे हैं।  मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व अकाली सरकार जाते-जाते पंजाब के सिर पर 31,000 करोड़ का अतिरिक्त बोझ डाल कर चली गई है।



यह बोझ पंजाब की आने वाली पीढिय़ों के सिर पर आ गया है जिसे माफ करवाने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार को कई बार लिखा। सरकार पंजाब के छोटे व सीमांत किसानों का पूरा कर्जा माफ  कर देगी।  ऐसे  किसानों की गिनती  10.25  लाख है।  पंजाब  में  वित्तीय संकट के बावजूद छोटे किसानों का कर्जा माफ किया गया जबकि बादल ने अपने शासनकाल में एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं किया। अमरेंद्र ने कहा कि कर्जा माफी कोई अंतिम हल नहीं है बल्कि इसके लिए देश में स्वामीनाथन कमिशन की रिपोर्ट को पूरी तरह से लागू करना होगा। वहीं देश में बेरोजगारी की समस्या को भी मोदी सरकार हल नहीं कर सकी। पंजाब सरकार ने अपनी तरफ से आने वाले दिनों में 1.2 लाख खाली सरकारी पदों को भरने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि नशा माफिया की कमर तोड़ी जा चुकी है तथा अब एस.आई.टी. व पंजाब पुलिस बड़ी मछलियों की तलाश में है। नौजवानों का जीवन बर्बाद नहीं किया जा सकता है।     

Vatika