सिद्धू का बिना कारण भड़कना पीठ में छुरा घोंपने के समान : ब्रह्म मोहिंद्रा

punjabkesari.in Monday, May 20, 2019 - 11:10 AM (IST)

चंडीगढ़(शर्मा): स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा ने स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के बयानों को अकारण और बेवक्त करार देते हुए उनके द्वारा पार्टी नेतृत्व, मुख्यमंत्री और सरकार पर भड़कने की निंदा की है। ब्रह्म मोहिंद्रा ने सिद्धू के इस कृत्य को पीठ में छुरा घोंपने के समान करार दिया है।

मोहिंद्रा ने सख्त शब्दों में कहा कि सिद्धू सिर्फ 2 सालों से कांग्रेस में हैं और वह अपने नियम झाड़ रहे हैं तथा अपना एजैंडा अन्यों पर लागू कर रहे हैं, जिसका हाईकमान को गंभीर नोटिस लेना चाहिए, क्योंकि सिद्धू इन कारनामों से पार्टी और सरकार की छवि को नुक्सान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धू को समझना चाहिए कि वह अब भाजपा में नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस पार्टी में है, जहां बहुत सारे मंच हैं और यदि उनकी सोच सही है तो पार्टी को नुक्सान न पहुंचाए और पीठ में खंजर मारे बगैर वह अपने मुद्दों को उन मंचों पर रख सकते हैं। मोहिंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री दोनों पार्टी हाईकमान द्वारा नियुक्त किए जाते हैं।

ऐसे में सभी मंत्रियों की सांझी जिम्मेदारी बनती है न कि अकेले मुख्यमंत्री की। उन्होंने सवाल किया कि क्यों सिद्धू ने कभी ऐसे मुद्दों को कैबिनेट जैसे मंच पर नहीं उठाया और लोगों के बीच गए, वह भी गलत समय में। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह कैबिनेट के अन्य साथियों के साथ पार्टी हाईकमान को सिद्धू को पार्टी की छवि को और धूमिल करने से रोकने के लिए लिखेंगे। उन्होंने कहा कि यह हैरानीजनक है कि सिद्धू चुनाव से मात्र 2 दिन पहले इतने अहम समय पर बोले, जिसका उद्देश्य साफ तौर पर पार्टी की उम्मीदों को नुक्सान पहुंचाना प्रतीत होता है और वह भी तब जब पार्टी में हर कोई पंजाब में मिशन-13 के लिए कड़ी मेहनत कर रहा हो।
 

Vatika