जरा सी बारिश और घंटों बिजली बंद, विभाग के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 04:48 PM (IST)

नवांशहर(त्रिपाठी): वीरवार शाम करीब साढ़े 7 बजे चली आंधी तथा इसके पश्चात हुई बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों की बिजली सप्लाई करीब 13 घंटे तक ठप्प रही तथा अगले दिन सुबह करीब पौने 9 बजे बहाल हुई। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के नाम वाले जिला शहीद भगत सिंह नगर के जिला हैड क्वार्टर नवांशहर में रात भर गुल रही बिजली से लोगों तथा विशेष तौर पर बच्चों व बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

विकास नगर सेवा सोसायटी के प्रधान रेशम सिंह, कालेज कालोनी के गोपाल मोहन शारदा, चंडीगढ़ रोड स्थित गुरु नानक नगर के कमल शर्मा, प्रिंस इन्कलेव के दीदार सिंह तथा मोहल्ला निवासी सुरिन्दर कुमार ने बताया कि वीरवार शाम करीब साढ़े 7 बजे आंधी-तूफान के बाद बारिश आई थी। उन्होंने बताया कि मुश्किल से 10 मिनट तक चली तेज हवाओं के चलते सलोह रोड विकास नगर सहित शहर के कई हिस्सों की बिजली सप्लाई को बंद कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि शहर की अधिकांश बिजली सप्लाई को कुछ ही समय बाद बहाल कर दिया परन्तु विकास नगर सलोह रोड़, कालेज कालोनी राहों रोड़ तथा चंडीगढ़ रोड़ पर स्थित गुरु नानक नगर सहित शहर के हिस्सों में रात भर बिजली सप्लाई बहाल नही हुई। बिजली की सप्लाई करीब 13 घंटे के बाद सुबह पौने 9 बजे बहाल हुई। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जब बिजली सप्लाई के बिना कुछ समय भी निकाल पाना मुश्किल होता है, ऐसे में रात भर बिजली सप्लाई का बंद रहना लोगों के विशेष तौर पर बच्चों व बुजुर्गों के लिए जानलेवा बन जाती है।

पूरी रात बिजली सप्लाई ठप्प रहना पावरकाम विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाता है। उन्होंने बताया कि सुबह हर बार ऐसा होता है कि थोड़ी तेज हवाएं चलने के बाद सलोह रोड़ विकास नगर सहित कुछ मोहल्लों में बिजली सप्लाई ठप्प हो जाती है तथा कई घंटों तक बहाल नहीं हो पाती है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की स्कीम के तहत करीब पूरे शहर में कई घंटों के बिजली कट लगाकर करोड़ों रुपए की नई बिजली तारें डाली गई थी। बावजूद इसके कुछ मिनटों की तेज हवाओं में ही बिजली सप्लाई ठप्प हो जाती है। लोगों ने बिजली विभाग से हर बार होने वाली इस समस्या का हल निकालने की अपील की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News