लाडोवाल टोल प्लाजा के कर्मचारियों की ढीली कार्यप्रणाली से यात्री बेहाल, मची हाहाकार
punjabkesari.in Monday, Oct 27, 2025 - 10:33 AM (IST)
फिल्लौर (भाखड़ी): फिल्लौर से लुधियाना जाने वाले मुख्य राष्ट्रीय मार्ग पर दोपहर ढाई बजे 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जो रात साढ़े 7 बजे तक लगातार 6 घंटे बीत जाने के बावजूद भी जारी रहा। लोगों में हाहाकार मच गई। जाम लगने का मुख्य कारण लाडोवाल टोल प्लाजा पर गाड़ियों का रुक कर धीमी गति से निकलना बताया जा रहा है। जाम में फंसे लोग टोल प्लाजा कर्मचारियों और प्रशासन को कोसते नजर आए। लोगों की कर्मचारियों से बहस भी हुई। प्राप्त सूचना के अनुसार आज दोपहर ढाई बजे मुख्य नेशनल हाईवे फिल्लौर से लुधियाना की तरफ जाने वाले मार्ग पर जाम लगना शुरू हो गया।
लाडोवाल टोल प्लाजा से शुरू हुआ यह जाम रात्रि साढ़े 7 बजे फिल्लौर से भी पीछे तक पहुंच गया। जाम में फंसे लोगों को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ा, गत दिन जाम लगने का मुख्य कारण यह भी रहा सप्ताह के हर शनिवार को पंजाब, हरियाणा व दिल्ली से डेरा ब्यास के श्रद्धालुओं की 5 से 7 हजार गाड़ियां शनिवार को गुजरती हैं जो रविवार को दोपहर 12 बजे वापस आनी शुरू हो जाती हैं। प्रोग्राम की समाप्ति के बाद जैसे ही वह गाड़ियां दोपहर अढ़ाई बजे लाडोवाल टोल प्लाजा से गुजरने लगी तो प्लाजा कर्मचारियों की ढीली कार्यप्रणाली, दूसरा फास्ट टैग मशीनों के पूरी तरह न चलने के चलते जाम लगना शुरू हो गया।
लोगों का कहना था जब उनके वाहनों पर फास्ट टैग लगे हैं उसके बावजूद उनके वाहनों को टोल बूथ पर काफी देर रुक कर गुजारा जा रहा है। अगर प्लाजा कर्मचारी जाम खुलवाना चाहे तो वह कुछ देर के लिए लुधियाना की तरफ जाने वाले सभी टोल बूथों को खोल दें। इस जाम में एंबुलैंस और वी.आई.पी. गाड़ियां भी फंसी रही।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

