जोरदार धमाके की आवाज से कांपे लोग! घरों से बाहर भागे लोग
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 12:03 PM (IST)
पटियाला (सुखमीत): पटियाला के कुछ इलाकों में गत देर शाम बेहद तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी जिससे कई इलाकों के घर और दरवाजे-खिड़कियां भी हिल गए। इसके अलावा घरों में बैठे लोगों को भी डर महसूस हुआ क्योंकि यह अचानक बहुत तेज सुनने वाला धमाका था जिसने लोगों को बुरी तरह से डरा दिया। ज्यादातर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सोशल मीडिया पर भी सवालों की बाढ़ आ गई।
हालांकि इन धमाकों की वजह सोनिक बूम बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शक है कि यह आवाज इलाके में चल रहे सुपरसोनिक फाइटर जेट की वजह से हो सकती है। गौरतलब है कि जब कोई प्लेन आवाज की स्पीड से तेज उड़ता है, तो उसके आस-पास बनने वाली शॉक वेव्स धरती तक पहुंचती हैं और तेज गूंज या धमाके जैसी आवाज पैदा करती हैं, जिसे सोनिक बूम कहते हैं।
लोगों का कहना है कि यह धमाका पहले की आवाजों से कहीं ज्यादा तेज था। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है। लोगों को डरने और घबराने की जरूरत नहीं है। इस धमाके के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को कुछ ही मिनटों में शहर के कई इलाकों, यूनिवर्सिटी कैंपस और शहर के बाहर के रिहायशी इलाकों से कई कॉल आए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

