प्रेम में अंधी हुई लड़की को नहीं दिखा प्रेमी का असली चेहरा

punjabkesari.in Thursday, Jan 02, 2020 - 04:07 PM (IST)

चंडीगढ़(सुशील): इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-2 स्थित होटल स्काई में प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी फरार हो गया। दोनों 2 साल से दोनों रिलेशनशिप में थे। उन्होंने 30 दिसम्बर को होटल में रूम बुक करवाया था। बुधवार दोपहर होटल का कमरा खोलने पर सामने बैड पर महिला का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सैक्टर-31 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान संगरूर के गांव काकड़ा निवासी सर्बजीत के रूप में हुई है। वह मोहाली में एक प्राइवेट अस्पताल में नर्स का काम करती थी। जांच में पता चला है कि उसकी हत्या उसके प्रेमी सैक्टर-30 निवासी मनिंदर सिंह उर्फ राजा ने की है। 

मनिंदर पहली प्रेमिका की भी कर चुका है हत्या 
पुलिस ने आरोपी मनिंदर का रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि पहले भी उस पर एक कत्ल का केस दर्ज है। उसने वर्ष 2010 में करनाल में लेक के पास अपनी प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या की थी। इस दौरान सामने आया था कि मनिंदर को प्रेमिका पर शक था कि उसका रिलेशन किसी अन्य युवक के साथ है। इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी। करनाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चैलेंज करने पर उसे जमानत मिल गई। करीब 6 महीने पहले भी चंडीगढ़ पुलिस ने उसे एन.डी.पी.एस. एक्ट में गिरफ्तार किया था।

2 दिन से होटल से नहीं ली सर्विस 
होटल स्टाफ ने बताया कि संगरूर निवासी नर्स सर्बजीत और मनिंदर सिंह ने इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-2 स्थित होटल स्काई में 30 दिसम्बर को 2 दिन के लिए ऑनलाइन रूम बुक करवाया था। होटल ने फोर्थ फ्लोर पर कमरा नंबर 301 दोनों के लिए बुक कर दिया गया। स्टाफ ने ये भी बताया कि दोनों पहले भी यहां रूम बुक करवाते थे। जांच में सामने आया कि 30 दिसंबर को सर्बजीत कौर मनिंदर के साथ शाम को 5 बजकर 16 मिनट पर होटल में आए और अपने कमरे में चले गए। रात को 11 बजकर 56 मिनट पर मनिंदर रूम से अकेला बाहर निकला और चला गया। उसके बाद कोई भी न तो उस कमरे से बाहर आया न अंदर गया। 2 दिन तक किसी ने होटल से कोई सर्विस नहीं ली। 

ऐसे हुआ खुलासा
सर्बजीत और मनिंदर ने 2 दिनों की बुकिंग करवाई थी। 1 जनवरी दोपहर 12 बजे उन्हें रूम से चैकआऊट करना था। होटल स्टाफ ने रूम में फोन किया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। फिर स्टाफ ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से किसी ने भी दरवाजा नहीं खोला। स्टाफ ने रिसेप्शन से कमरे की मास्टर चाबी लेकर दरवाजा खोलकर देखा कि मृतका बैड पर लेटी हुई है और उसके मुंह पर कंबल है। स्टाफ ने जैसे ही कंबल को हटाया तो पाया कि सर्बजीत कौर के नाक से झाग निकली थी। गले पर रेते जाने का निशान था और बैड पर खून ही खून बिखरा पड़ा था। हत्यारे ने गर्दन में सूआ मारकर उसकी हत्या की थी। इसके बाद होटल स्टाफ ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एस.एस.पी. निलांबरी विजय जगदले, सैक्टर-31 थाना प्रभारी राजदीप सिंह और सब इंस्पैक्टर सरिता राय मौके पर पहुंचे। सी.एफ.एस.एल. टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कमरे के अंदर से खून के सैंपल और फिंगर प्रिंट इकट्ठे किए और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।  

पुलिस पहले ही कर रही थी मनिंदर की तलाश
आरोपी मनिंदर सिंह इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 में प्राइवेट जॉब करता था। 3 महीने पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी। वह 30 दिसंबर को घर से निकला पर जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसके घरवालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। उसका फोन भी बंद आ रहा था इसलिए उसके घरवालों ने इंडस्ट्रियल एरिया थाने में जाकर पुलिस को मनिंदर के मिसिंग होने की शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने उसकी बहुत तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।

Edited By

Sunita sarangal