पंजाब में LPG गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार, गंभीर होते जा रहे हालात

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 11:06 AM (IST)

जीरकपुर (अवतार धीमान): कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने के बाद अब घरेलू रसोई गैस को लेकर भी हालात गंभीर होते जा रहे हैं। नई बुकिंग नहीं हो पा रही है क्योंकि जिस नंबर पर कॉल करके बुकिंग होती है, वह लग नहीं रहा और जिनकी बुकिंग हो चुकी है, उन्हें भी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। जंग के हालातों के कारण पैदा हुई गैस सप्लाई की अनिश्चितता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है और लोग पहले ही अपने सिलेंडर बुक करवाने के लिए भागदौड़ कर रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि जीरकपुर की तीनों गैस एजेंसियों में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग 7 हजार के आंकड़े को पार कर गई है। मिली जानकारी के मुताबिक पिछले तीन दिनों से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर असर पड़ने की खबर के बाद लोगों में घरेलू गैस को लेकर घबराहट का माहौल बन गया है।

इस कारण बड़ी संख्या में लोगों ने अपने सिलेंडर पहले ही बुक करवाने की कोशिशों शुरू कर दी हैं। शहर में चल रही तीन मुख्य गैस एजेंसियां, जीरकपुर इंडेन गैस, मिल्खी गैस एजेंसी और आयुष गैस एजें के पास बुकिंग का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा हैं। गैस एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों के अनुसार रसोई गैस की संभावित किल्लत की खबर फैलने के बाद लोग ने बड़ी संख्या में सिलेंडर बुक कराने के लिए दौड़ पड़े हैं। हालात यह है कि गैस बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले ऑनलाइन सर्वर सुबह करीब 10 बजे तक ही ओवरलोड हो जाते हैं, जिससे लोगों को बाद में बुकिंग कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कई लोगों को बुकिंग कराने के लिए बार-बार कोशिश करनी पड़ रही है और कई लोग तो सिफारिशें भी ढूंढते नजर आ रहे हैं। जीरकपुर इंडेन गैस के जनरल मैनेजर कुलविंदर सिंह ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए केंद्र सरकार की तरफ से जारी नंबर 8454955555 पर भी कॉल ज्यादा आने की वजह से वह ओवरलोड हो जाता है। इस वजह से कभी-कभी यह नंबर भी मिलना बंद हो जाता है। लोगों में घबराहट की वजह से एक ही समय में बड़ी संख्या में बुकिंग आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें साफ निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस की सप्लाई में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। हालांकि, मौजूदा हालात में जिस तेजी से लोग सिलेंडर बुक करा रहे हैं, उसके हिसाब से एक सिलेंडर की डिलीवरी में करीब 8 से 10 दिन लग सकते हैं। इस बीच, गैस एजेंसियां ​​भी लोगों को घबराने के बजाय अपनी जरूरत के हिसाब से सिलेंडर बुक करने की अपील कर रही हैं।

गैस की किल्लत के कारण होटलों में छोटी पार्टियों की बुकिंग बंद 

गैस की कमी के कारण होटलों में छोटी पार्टियों की बुकिंग पर भी असर पड़ने लगा है। कई होटलों ने स्थिति को देखते हुए छोटे इवेंट और पार्टियों की बुकिंग कुछ समय के लिए रोक दी है। इस बारे में जानकारी देते हुए जीरकपुर में होटल रेडिसन के MD मुनीश अग्रवाल ने कहा कि कुकिंग गैस की कमी का होटल इंडस्ट्री पर भी बहुत बुरा असर पड़ा है। गैस की कमी के कारण होटल मैनेजमेंट को अपने मेन्यू में भी बदलाव करने पड़े हैं। जिन डिश को बनाने में ज्यादा गैस लगती है, उन्हें मेन्यू से कुछ समय के लिए हटा दिया गया है।

उनकी जगह स्टीम, तंदूर पर बनने वाली डिश को प्राथमिकता दी जा रही है। गैस की कमी के कारण होटल ने डीजल की भट्टियां भी मंगवाई थीं, लेकिन प्रदूषण की समस्या के कारण उन्हें ज्यादा समय तक चलाना मुमकिन नहीं है। यह स्थिति सिर्फ एक होटल की नहीं है, बल्कि शहर के दूसरे होटलों में भी गैस की कमी के कारण ऐसे ही हालात बन गए हैं। कई होटल मैनेजमेंट ने छोटी पार्टियों की बुकिंग कुछ समय के लिए रोक दी है और मेन्यू में भी बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि कम गैस में काम चल सके।

कमर्शियल सिलेंडरों की बढ़ी कालाबाजारी 

कमर्शियल गैस की कमी के बाद इन सिलेंडर की कालाबाजारी बढ़ गई है। कैटरिंग का काम करने वाले अब्दुल्ला टेंट हाउस के मालिक मोहम्मद सलीम, धीमान टेंट हाउस के मालिक मनीष कुमार और चार्ट-ओ-चैट के संचालक माशु ग्रोवर ने बताया कि कमर्शियल गैस की कमी से उन्हें काफी परेशानी हो रही है। जो सिलेंडर पहले 1900 रुपये में मिलता था, अब कीमत बढ़ने के बाद 3000 रुपये में मिल रहा है। होटल या टेंट हाउस लकड़ी या डीजल चूल्हे से अपना काम चला सकते हैं, लेकिन उन्हें अपनी चाट, टिक्की, डोसा और दूसरी चीजें बनाने के लिए महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि भले ही उन्हें मांग के हिसाब से कम सिलेंडर दिए जाएं, लेकिन उन्हें कंट्रोल्ड रेट पर सिलेंडर मिलने चाहिए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News