कोरोना का बड़ा हमला, 2 की मौत, स्वास्थ्य अधिकारियों सहित इतने लोगों की रिपोर्ट पाजीटिव

punjabkesari.in Monday, Jan 17, 2022 - 08:13 PM (IST)

लुधियाना (सहगल) : कोरोना वायरस ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर हमला बोल दिया है। सप्ताह में सिविल सर्जन सहित आधा दर्जन से अधिक अधिकारी पॉजिटिव आ चुके हैं, जिसमें सिविल सर्जन डा. एस.पी. सिंह के अलावा सहायक सिविल सर्जन डा. विवेक कटारिया, जिला टीकाकरण अफसर डा. मनीषा खन्ना, एपिडेमियोलॉजिस्ट डा. रमेश भगत तथा सुपरिंटैंडैंट गुरदेव सिंह आदि शामिल है। इसके अलावा एक महिला एपिडेमियोलॉजिस्ट पहले पॉजिटिव आ चुकी है। इसके अलावा सिविल सर्जन कार्यालय के कई कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव हुए है। 

वहीं पिछले 24 घंटों में जिले में 1194 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें से 2 मरीजों की मौत हो गई है। सिविल सर्जन डा. एस.पी. सिंह ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने अपने वैक्सीन के 2 इंजैक्शन के अलावा पिछले दिनों बूस्टर डोज भी लगवा ली थी इसलिए कोरोना का कोई खास असर उन पर नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य अधिकारी भी अब ठीक हैं। उन्होंने कहा कि नया वेरिएंट काफी संक्रामक है। इसलिए लोगों को चाहिए कि वह अपना बचाव रखें और कोरोना के नियमों का पालन करें। 

उन्होंने बताया कि आज सामने आए पॉजिटिव मरीजों में 1041 जिले के रहने वाले हैं जबकि 153 मरीज दूसरे जिलों अथवा राज्यों से संबंधित हैं। जिन दो मरीजों की आज मौत हुई है उनमें 84 वर्षीय मरीज फुल्लावाल का रहने वाला था और डी.एम.सी. में भर्ती था जबकि एस.बी.एस. नगर 68 वर्षीय मरीज फोर्टिस अस्पताल में उपचाराधीन था। जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 98087 हो गई है, जबकि 2144 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें 88595 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। जिले के अलावा बाहरी जिलों अथवा राज्यों के मरीजों की संख्या 12924 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में अस्पतालों में 240 पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं, इनमें से 127 जिले के रहने वाले हैं जबकि शेष बाहरी जिलों से संबंधित हैं। 15 मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। इसमें 10 मरीज जिले के निवासी हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 7348 हो गई है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Subhash Kapoor