खूनी रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार नेपाली युवक की मौ+त, साथी की हालत नाजुक
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 10:02 AM (IST)
लुधियाना (राज): तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चंडीगढ़ रोड का है, जहां देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
उड़े बाइक के परखच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 28 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी था और पिछले 10 सालों से लुधियाना में रहकर एक रोलिंग मिल में काम करता था। पंकज अपने दो दोस्तों विनोद और जय प्रकाश के साथ काम के सिलसिले में बाहर गया था। जब वे तीनों अपनी बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में काल बनी तेज रफ्तार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और पंकज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक का भाई दीपक कुमार और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पंकज की सांसें थम चुकी थीं।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया। हादसे में घायल जय प्रकाश की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है, जबकि विनोद को मामूली चोटें आई हैं। पंकज अभी अविवाहित था और अपने परिवार का एकमात्र आर्थिक सहारा था, जिसकी मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है ताकि आरोपी चालक को सलाखों के पीछे भेजा जा सके। मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास के कैमरों की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषी चालक को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

