बेटे की आंखों के सामने मां की दर्दनाक मौ+त, बाइक से गिरते ही सिर के ऊपर से गुजर गया ट्रक का टायर
punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 09:08 AM (IST)
लुधियाना (राज): लोहारा पुल के नजदीक देर शाम एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसे में बेटे की आंखों के सामने ही उसकी मां की दर्दनाक मौत हो गई। मोटरसाइकिल पर अपने बेटे के साथ घर लौट रही महिला अचानक सड़क पर जा गिरी और इसी दौरान पास से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक का पिछला टायर उसके सिर के ऊपर से निकल गया।
हादसा इतना भयावह था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अपनी आंखों के सामने मां को इस तरह खो देने से बेटा गहरे सदमे में है, वहीं परिवार में मातम पसर गया है। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति गुरमीत ने रुंधे गले से जानकारी देते हुए बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी थीं और उनका बेटा फैशन डिजाइनिंग का छात्र है। बीती देर शाम उनका बेटा अपनी मां को मोटरसाइकिल पर बैठाकर बाबा जसवंत सिंह डेंटल कॉलेज लेकर गया था। वहां महिला के दांतों में ब्रेसेस लगवाने के बाद मां-बेटा दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
जब उनकी मोटरसाइकिल लोहारा पुल के नजदीक पहुंची, तो अचानक महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से नीचे सड़क पर गिर गईं। दुर्भाग्यवश ठीक उसी समय पास से एक भारी ट्रक गुजर रहा था। महिला के गिरते ही ट्रक का पिछला टायर सीधे उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। सिर कुचले जाने के कारण महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका अपने पीछे पति गुरमीत, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गई हैं। घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और बेटे के सामने हुई मां की इस अकाल मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है तथा आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर ट्रक व उसके चालक की पहचान कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

