लुधियाना बना कोरोना कैपिटल, एक दिन में बढ़े इतने मरीज

punjabkesari.in Friday, Apr 16, 2021 - 07:57 PM (IST)

 

लुधियाना: पंजाब में कोरोना महामारी अपने उफान पर है। दैनिक पॉजिटिव मरीजों की संख्या हजारों में पहुंच रही है। लेकिन मरीजों की संख्या के हिसाब से लुधियाना को पंजाब का कोरोना कैपिटल कहा जा रहा है।लुधियाना में सर्वाधिक 41543 पॉजिटिव मामलों के साथ रोज करीब 700 नये मामले सामने आ रहे है। यहां अबतक 1232 मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में जिले में 670 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं तथा इनमें से 8 मरीजों की मौत हो चुकी है।

सिविल सर्जन डॉक्टर सुखजीवन कक्कड़ के अनुसार कुल 670 मरीजों में 598 मरीज जिले के रहने वाले हैं जबकि 72 दूसरे जिलों अथवा राज्यों से संबंधित है। उन्होंने बताया कि जिन 8 मरीजों की आज मौत हुई है उनमें से 6 जिले के रहने वाले थे जबकि शेष 2 मरीजों में एक गोविंदगढ़ तथा एक जालंधर का रहने वाला था। इसके अलावा दूसरे जिलों अथवा राज्यों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों में से 6496 मरीज कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें से 636 मरीजों की मौत हो चुकी है।

शहर के अस्पतालों में 632 पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। जिसमें 26 मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा 2765 पॉजिटिव मरीज होम आइसोलेशन में रह रहे हैं।

Content Writer

prince