खूबसूरत दुल्हन का खौफनाक खेल, कनाडा पहुंचते ही बदले तेवर; पति से किया किनारा और फिर...
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 09:26 AM (IST)
लुधियाना, (राज): महानगर में भोली-भाले पिताओं और उनके बेटों को कनाडा (Canada) भेजने और वहां की पीआर (Permanent Residency) दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की 'मैरिज फ्रॉड' (Marriage Fraud) करने वाले एक बेहद शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। यहाँ एक परिवार ने अपने बेटे का भविष्य संवारने के चक्कर में एक लड़की को लाखों रुपए लगाकर कनाडा भेजा, लेकिन वहां पहुँचते ही दुल्हन के तेवर पूरी तरह बदल गए।
गैर-मर्दों संग कायम किए नाजायज संबंध
आरोपी दुल्हन ने न सिर्फ पति के साथ रहने से सरेआम इन्कार कर दिया, बल्कि पीछे से किसी अन्य गैर-मर्दों के साथ नाजायज संबंध भी कायम कर लिए। हद तो तब हो गई जब उसने पति के खिलाफ झूठे केस दर्ज करवाकर तलाक की फाइल लगा दी और कनाडा में ही उसे जान से मारने की धमकियां देने लगी। अब थाना मेहरबान की पुलिस ने पीड़ित युवक के पिता गुरजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी दुल्हन और उसके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश का संगीन मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक विभागीय पड़ताल में सामने आया कि आरोपियों ने एक सोची-समझी साज़िश के तहत गुरजीत सिंह के बेटे के साथ आरोपी लड़की गुरप्रीत कौर का विवाह इस पक्के वादे पर करवाया था कि शादी के बाद वे उनके बेटे को पक्के तौर पर कनाडा बुलाकर वहां की पीआर (PR) दिलवा देंगे।
पति को कनाडा बुलाने में करने लगी टाल-मटोल
शादी के तुरंत बाद लड़की को कनाडा भेजने के लिए पीड़ित पिता गुरजीत सिंह ने अपनी गाढ़ी कमाई का लाखों रुपये का खर्च अपने सिर पर ले लिया। पीड़ित ने आरोपी गुरप्रीत कौर की कनाडा की कॉलेज फीस, वहां रहने का वीआईपी इंतजाम और भारत से कनाडा आने-जाने की महंगी हवाई टिकटों समेत तमाम अन्य खर्चों पर पानी की तरह पैसा बहाया ताकि उनका बेटा भी जल्द विदेश जा सके। घिनौने खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब लाखों रुपये डकारने के बाद गुरप्रीत कौर कनाडा में सैटल हो गई। वहां पहुंचते ही उसने पीड़ित के बेटे को अपने पास बुलाने में आनाकानी शुरू कर दी और उसके साथ रहने से साफ मुकर गई। पीड़ित परिवार को तब गहरा झटका लगा जब उन्हें पता चला कि गुरप्रीत कौर ने उनके बेटे से चोरी-छिपे कनाडा में किसी अन्य गैर-लड़के के साथ नाजायज (अवैध) संबंध कायम कर रखे हैं और उसी के साथ ऐश कर रही है।
पूरा परिवार गहरे सदमे और खौफ में
जब पीड़ित के बेटे ने इसका विरोध किया, तो आरोपी लड़की और उसके मायके वालों ने उलटा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत सच कर दिखाई। पीड़ित गुरजीत सिंह ने बताया कि अपनी चोरी पकड़े जाने पर आरोपी गुरप्रीत कौर ने उनके बेटे के खिलाफ पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और मनगढ़ंत आरोप लगाते हुए पुलिस में नाजायज शिकायतें दे दीं और कोर्ट में तलाक (Divorce) का केस फाइल कर दिया। यही नहीं, आरोपियों ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए पीड़ित के बेटे को कनाडा की धरती पर ही जान से मारने की खौफनाक धमकियां भी दे डालीं, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे और खौफ में है।

