लुधियाना सिविल अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ हथियार तस्कर, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 12:04 PM (IST)

लुधियाना (राज): फिरोजपुर रोड स्थित 'हॉटेल कॉप' के बाहर से विदेशी रिवॉल्वर, अत्याधुनिक पिस्तौल और बिहार की जाली नंबर प्लेट वाली फॉर्च्यूनर कार समेत दबोचे गए अंतर-राज्यीय हथियार तस्करों के मामले में आज लुधियाना पुलिस को उस समय भारी फजीहत का सामना करना पड़ा, जब सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान एक शातिर आरोपी पुलिस पार्टी को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया। आरोपी विपिन कुमार ने अस्पताल की लैब के पास सीनियर सिपाही मनप्रीत सिंह को एक जोरदार धक्का दिया और मरीजों व तीमारदारों की भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए हथकड़ी समेत मौके से फरार हो गया। इस गंभीर कोताही के बाद थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ सरकारी हिरासत से भागने की धाराओं के तहत एक और नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आरोपियों को कड़े सुरक्षा घेरे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंची थी पुलिस
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर (S.I.) पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि  आज नियमानुसार आरोपियों का अदालती रिमांड हासिल करने से पहले उनका सरकारी मेडिकल करवाने के लिए एसआई पुरुषोत्तम लाल, सीनियर सिपाही मनप्रीत सिंह (नंबर: 2972/लुधियाना) और पंजाब होम गार्ड जवान किरनदीप सिंह  की संयुक्त पुलिस पार्टी तीनों आरोपियों को कड़े सुरक्षा घेरे में लेकर सिविल अस्पताल, लुधियाना पहुंची थी। अस्पताल के भीतर जब आरोपियों के विभिन्न टेस्ट और मेडिकल प्रक्रिया चल रही थी, तब सीनियर सिपाही मनप्रीत सिंह आरोपी विपिन कुमार को लेकर अस्पताल की लैबोरेट्री के पास पहुंचे।

शातिर आरोपी ने पलक झपकते ही भागने का बनाया प्लान
 टेस्ट सैंपल लेने के लिए जैसे ही डॉक्टर और लैब स्टाफ के कहने पर सीनियर सिपाही मनप्रीत सिंह ने आरोपी विपिन कुमार के हाथ की हथकड़ी को खोला, शातिर आरोपी ने पलक झपकते ही भागने का प्लान बना लिया। हथकड़ी खुलते ही आरोपी विपिन कुमार ने पूरी ताकत से सीनियर सिपाही मनप्रीत सिंह को छाती पर एक जोरदार धक्का मारा, जिससे सिपाही का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरते-गिरते बचे। जब तक पुलिस पार्टी संभलती, आरोपी विपिन कुमार सिविल अस्पताल के ओपीडी वार्ड और कॉरिडोर में मौजूद मरीजों, डॉक्टरों और उनके तीमारदारों की भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए चीता रफ्तार से दौड़ पड़ा और अस्पताल परिसर से बाहर भागने में कामयाब रहा। 

पूरे शहर में नाकेबंदी सख्त
सिविल अस्पताल जैसी संवेदनशील और व्यस्त जगह से एक हथियार तस्कर के सरेआम फरार हो जाने की खबर मिलते ही लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के उच्च अधिकारियों में हड़कंप मच गया। तुरंत ही पीसीआर और सीआईए  की टीमों को अलर्ट कर पूरे शहर के निकास द्वारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सख्त नाकेबंदी कर दी गई है। सब-इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम लाल के लिखित बयानों और सीनियर सिपाही मनप्रीत सिंह की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी विपिन कुमार के खिलाफ हिरासत से भागने और लोक सेवक की ड्यूटी में बाधा डालने के आरोपों के तहत थाना डिवीजन नंबर 2 में एक और नई एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उच्च अधिकारियों का कहना है कि जहां एक तरफ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की भूमिका की भी विभागीय जांच की जा रही है कि इस मामले में कहीं कोई सुरक्षा चूक या लापरवाही तो नहीं हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News