ताई व चचेरी बहन के कातिल को फांसी की सजा

punjabkesari.in Friday, Sep 14, 2018 - 10:38 PM (IST)

लुधियाना(मेहरा): लुधियाना की एक अदालत ने दोहरे हत्याकांड में लुधियाना के इकबाल नगर टिब्बा रोड निवासी रिशू ग्रोवर को फांसी की सजा सुनाई है। जिला अटार्नी रविंदर कुमार अबरोल ने बताया कि आज अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अरूणवीर वशिष्ठ की अदालत ने महानगर के बहुचॢचत रहे माता व उसकी बेटी का कत्ल करने के आरोप में उपरोक्त आरोपी को दोषी मानते हुए उसे उपरोक्त सजा सुनाई है। आरोपी मृतक महिला का भतीजा व बेटी का चचेरा भाई लगता था। 

पुलिस थाना डिवीजन नंबर 3 द्वारा 22 मई 2013 को धारा 302 व 460 आई.पी.सी. के तहत मृतक महिला के दामाद विकास मल्होत्रा निवासी मोचपुरा बाजार की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायतकत्र्ता ने पुलिस को अपने बयान में बताया कि उसका एक साला आस्ट्रेलिया में है जिसका फोन आया कि घर में उसकी मां फोन नहीं उठा रही है। जब वो अपनी पत्नी सहित बाबा थाना सिंह चौक के निकट स्थित आवास में अपनी सास के घर पहुंचा तो बाहर का मुख्य द्वार बंद था लेकिन अंदर से लॉक नहीं था। जब वो गेट खोलकर अंदर गए तो उसकी सास ऊषा रानी का शव खून से लथपथ अवस्था में बैड पर पड़ा था जबकि साली हिना (21) का शव बाथरूम के बाहर पड़ा था और दीवार पर खून से बॉब लिखा हुआ था। 

शिकायतकत्र्ता ने आरोप लगाया कि करीब 2 वर्ष पहले बाबू सैनेटरी वाला उसकी साली को परेशान करता था और उसे शक है कि वह ही दोनों की हत्या करके घर में पड़े हुए 4 लाख रुपए व अन्य सामान ले गया। लेकिन 22 मई 2013 को मृतका के बेटे राहुल ग्रोवर ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके चाचा का बेटा व उपरोक्त आरोपी अक्सर उनके घर आया-जाया करते थे। जब भी उसकी मां को जरूरत होती तो वह आरोपी को बुला लेती। 

राहुल ग्रोवर ने बताया कि फरवरी, 2013 को जब वह भारत आया था तो उसे पता चला कि आरोपी ने उसकी बहन हिना के साथ शारीरिक संबंध बनाए हैं और वह उसे ब्लैकमेल करके यह काम कर रहा है। बाद में जब उसने अपनी बहन हिना की मंगनी किसी के साथ कर दी तो आरोपी ने अपनी गलती मानते हुए भविष्य में कभी हिना को तंग नहीं करने की कस्म खाई। राहुल के अनुसार उसने अपनी बहन हिना की शादी को लेकर 3 लाख रुपए नकदी, 100 डालर व सोने की चेन भेजी थी। इस संबंधी आरोपी रिशु को पता था। रिशु ने ही लूटपाट करते हुए उसकी मां व बहन की हत्या की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी हुआ सामान व 2 लाख 11 हजार रुपए व 100 डालर बरामद कर लिए थे। वहीं आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल करने के साथ-साथ अवैध संबंधों की स्वीकृति के अलावा यह भी माना कि वह अपनी ताई को नींद की गोलियां देता था। 
 

Vaneet