11-12 जुलाई को लगेंगे विशेष SIR कैंप, DC लुधियाना की मतदाताओं से अपील
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 05:36 PM (IST)
लुधियाना : उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी, लुधियाना हिमांशु जैन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 अभियान के तहत घर-घर सर्वेक्षण तथा गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण के कार्य को तेजी से पूरा करने के उद्देश्य से 11 जुलाई (शनिवार) और 12 जुलाई (रविवार) को लुधियाना जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों दिनों सुबह 08:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। वे मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, विवरणों का सत्यापन कराने, आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने तथा गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण से संबंधित हर प्रकार की सहायता प्रदान करेंगे।

