लुधियाना में CP ऑफिस के नजदीक होटल में हाई-प्रोफाइल जुआ व देह व्यापार, महफिल में बड़े कारोबारी लगाते हैं दांव
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 05:47 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए पुलिस कमिश्नर (CP) कार्यालय के बिल्कुल नजदीक स्थित एक निजी होटल में हाई-प्रोफाइल जुए और देह व्यापार का अवैध धंधा बेखौफ तरीके से चल रहा है। होटल की चौथी मंजिल स्थित कमरे में हर रात जुए की बड़ी महफिल सजती है, जहां शहर के नामी और रसूखदार कारोबारी लाखों रुपये के दांव लगाते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय से चंद कदमों की दूरी पर चल रहे इस रैकेट की पूरी जानकारी होने के बावजूद स्थानीय पुलिस आंखें मूंदे बैठी है। 'पंजाब केसरी' द्वारा पूर्व में भी इस गोरखधंधे की पोल खोले जाने के बाद कोई कार्रवाई न होना साफ इशारा करता है कि यह पूरा अवैध नेटवर्क पुलिस और होटल प्रबंधन की कथित मिलीभगत और सरपरस्ती में फल-फूल रहा है।
कमरा नंबर 417 और 18 बना जुए का स्थायी अड्डा, 4 सरगना चला रहे सिंडिकेट
सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, पुलिस कमिश्नर दफ्तर के समीप स्थित इस होटल की चौथी मंजिल के रूम नंबर 417 को बाकायदा एक स्थायी कैसीनो व अय्याशी के अड्डे के रूप में तब्दील कर दिया गया है। इस संगठित जुआ रैकेट को चार शातिर मुख्य संचालक (बुकिए) मिलकर चला रहे हैं। यह कोई एक दिन का मामला नहीं है, बल्कि हर रात सुनियोजित तरीके से यहां जुए की महफिलें सजाई जाती हैं। देर रात शुरू होने वाला यह खेल अलसुबह तक बदस्तूर जारी रहता है, जहां ताश के पत्तों और डाइस पर लाखों-करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए जाते हैं।
शहर के बड़े कारोबारियों का जमावड़ा, देह व्यापार का भी गंदा खेल
इस अड्डे की पहुंच महानगर के बड़े और रसूखदार व्यापारिक घरानों तक है। हर रात होटल के बाहर महंगी लग्जरी गाड़ियों की कतारें लगती हैं और शहर के नामी कारोबारी, उद्योगपति व सटोरिए इस कमरे में दाखिल होते हैं। जानकारी के मुताबिक, जुए के साथ-साथ रईसजादों और सटोरियों को लुभाने के लिए यहां अनैतिक देह व्यापार का नेटवर्क भी परोसा जा रहा है। कमरे के अंदर शराब, शबाब और कसीनो टेबल का पूरा इंतजाम रहता है, ताकि आने वाले ग्राहकों पर कोई कानूनी आंच न आने का भरोसा दिलाया जा सके।
'पंजाब केसरी' के खुलासे के बावजूद नहीं जागी पुलिस, खाकी पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले को लेकर 'पंजाब केसरी' ने पहले भी प्रमुखता से खबरें प्रकाशित कर पुलिस प्रशासन को आगाह किया था और सबूतों के साथ इस काले धंधे को उजागर किया था। इसके बावजूद संबंधित थाना पुलिस और खुफिया तंत्र ने आज तक इस होटल पर कोई ठोस रेड या कानूनी कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई। पुलिस कमिश्नर के दफ्तर से महज कुछ मीटर की दूरी पर इस तरह के गैर-कानूनी अड्डे का बेखौफ चलना जनता के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोग और जागरूक नागरिक अब खुलेआम यह सवाल उठाने लगे हैं कि क्या स्थानीय पुलिस की मिलीभगत और 'मंथली' के दम पर यह अवैध साम्राज्य बिना किसी डर के चल रहा है?
उच्चाधिकारियों से सख्त एक्शन की दरकार
शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के बड़े-बड़े दावों के बीच सीपी ऑफिस के पड़ोस में चल रहा यह हाई-प्रोफाइल रैकेट कमिश्नरेट पुलिस के दावों की हवा निकाल रहा है। मामले को लेकर शहरवासियों में भारी रोष है। जागरूक नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष स्पेशल टीम से इस होटल के कमरा नंबर 417 और वहां के सीसीटीवी फुटेज की तत्काल जांच करवाई जाए। साथ ही, जुआ संचालित करने वाले चारों सरगनाओं, होटल प्रबंधन और उन पर पर्दा डालने वाले संबंधित पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि कानून का इकबाल बहाल हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

