ठंड से बचने के लिए कोयले की जलाई अंगीठी, गैस चढ़ने से हुई युवक की मौत

punjabkesari.in Tuesday, Dec 17, 2019 - 10:35 PM (IST)

लुधियाना (राज): ठंड से बचने के लिए मजदूर ने क्वाटर में कोयले की अंगीठी जला ली। मगर उसे क्या पता था कि यह अंगीठी उसके साथ मौत बन जाएगी। रात को उसने कमरा बंद कर लिया। जिस कारण अंदर गैस हो गई। गैस चढ़ने से व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक गुरु अमरदास कालोनी का रहने वाला बलकार माहतो (32) है। सुबह जब पड़ोसी ने दरवाजा खटखटाया। जब उसने नहीं खोला तो दरवाजा तोड़ा गया। तब जाकर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक बलकार माहतो, गुरु अमरदास कालोनी में स्थित एक वेहड़े में अकेला रहता था। जबकि उसका बाकी परिवार गुरदासपुर में है। वह फैक्टरी में लेबर का काम करता है। सोमवार की रात को काम पर से आने के बाद उसने अपने पड़ोसी से चावल की प्लेट ली थी। खाना खाने के दौरान उसने हाथ सेकने के लिए कोयले की अंगीठी जला रखा था। खाने के बाद वह अंगीठी बाहर रखने की बजाए कमरे में ही रख कर सो गया और उसने अंदर से कमरे का गेट बंद कर दिया। जिस कारण कमरे के अंदर गैस फैल गई और गैस चढ़ने से बलकार की मौत हो गई।

मंगलवार की सुबह पड़ोसी अपनी प्लेट लेने के लिए बलकार के कमरे में गया तो कमरा अंदर से बंद था। उसने काफी समय तक कमरा खटखाया, मगर किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो उसने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। तब कमरे के अंदर हल्का धुआं और गैस काफी थी। जिस कारण एक बार तो सब बाहर रुक गए। कुछ समय के बाद सभी अंदर गए तो बलकार का शव पड़ा था। ए.एस.आई. गुरमीत सिंह ने बताया कि बलकार की मौत गैस चढ़ने से हुई है। अंदर कोयले की अंगीठी पड़ी थी। मृतक के परिजन गुरदासपुर में रहते है। मगर अभी उनका पूरा एड्रैस नहीं मिल पाया है। उनका पता लगाया जा रहा है। उनके पता चलने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

Mohit