Ludhiana : टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी, कर्मचारी से की बेरहमी से मारपीट, CCTV में कैद दबंगई
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 06:05 PM (IST)
लुधियाना (हितेश): लुधियाना-फिरोजपुर मेन रोड पर स्थित चौकीमान टोल प्लाजा पर शुक्रवार तड़के कार सवार कुछ गुंडा युवकों द्वारा एक टोल कलेक्टर को बुरी तरह पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टोल फीस मांगने को लेकर हुई यह पूरी हिंसक घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल टोल कर्मचारी की पहचान तलवंडी कलां निवासी हरजीत सिंह के रूप में हुई है। पीड़ित हरजीत सिंह ने बताया कि वह रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक की शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात था। सुबह करीब 4 बजे एक कार में सवार कुछ युवक टोल प्लाजा पर पहुंचे और बिना टोल फीस दिए लोकल गाड़ियों के लिए रिजर्व फ्री-लेन से निकलने की जिद करने लगे। ड्यूटी पर तैनात हरजीत सिंह ने जब उन्हें रोका और नियमों के मुताबिक उनके स्थानीय पहचान पत्र मांगे, तो कार सवारों ने खुद को मुल्लांपुर दाखा का रहने वाला बताया। युवकों ने बहस करते हुए कहा कि वे पहले भी बिना टोल दिए यहां से गुजरते रहे हैं और आगे भी बिना पर्ची के ऐसा करते रहेंगे।
गाड़ी का फोटो खींचने पर भड़के युवक
पीड़ित के मुताबिक, जब उसने युवकों से आधार कार्ड दिखाने को कहा और मामला बढ़ता देख कार की नंबर प्लेट का फोटो खींचने की कोशिश की, तो कार सवार युवक बहुत भड़क गए। यह देखते ही वे गाड़ी से बाहर निकले और हरजीत सिंह को सड़क पर घसीटकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। टोल अटेंडेंट खुद को बचाने के लिए मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन बेखौफ आरोपी उसे पीटते रहे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गाड़ी समेत मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
घटना के तुरंत बाद हरजीत सिंह ने टोल प्लाजा मैनेजमेंट को इसकी जानकारी दी। पीड़ित ने इस बारे में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। टोल प्लाजा मैनेजमेंट के मुताबिक, पूरी घटना CCTV में रिकॉर्ड है, जिसके आधार पर गाड़ी का नंबर और आरोपियों की आसानी से पहचान की जा सकती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की डिटेल में जांच शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

