लुधियाना के होटल में चल रही थी जुए की महफिल, पुलिस के छापे से मचा हड़कंप; मालिक समेत 8 गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 09:05 AM (IST)

लुधियाना (राज): शहर में चल रहे अवैध जुआ घरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना सदर की पुलिस पार्टी ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कीज़ होटल में छापेमारी की, जहां ताश की गड्डियों पर पैसों का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से होटल मालिक सहित 8 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों काबू किया है।

पुलिस को अंदर देखते ही मचा हड़कंप
ए.एस.आई. सूरज कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि कीज होटल के अंदर कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए होटल में दबिश दी। पुलिस को अंदर देखते ही हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से विनय कुमार, अमित चावला, गुरदीप सिंह, पंकज, गुरपाल सिंह, भारत भूषण, चरणजीत सिंह और होटल मालिक नवीन को जुआ खेलते हुए काबू कर लिया।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से ताश की गड्डियां और 1,00,000 रुपए की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि यह जुआ अड्डा काफी समय से चल रहा था। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को थाने ले जाया गया है, जहां उनके खिलाफ जुआ अधिनियम (गैंबलिंग एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News