LADC नीति के विरोध में लुधियाना के वकीलों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, अदालतों का कामकाज प्रभावित
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 04:36 PM (IST)
लुधियाना (मेहरा): LADC (लीगल एड डिफेंस काउंसिल) नीति के विरोध में पंजाब बार एसोसिएशनों की जॉइंट एक्शन कमेटी (JAC) के आह्वान पर मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, लुधियाना के अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन ‘नो वर्क डे’ के पहले दिन पूर्ण रूप से हड़ताल की। हड़ताल के कारण जिला अदालतों में न्यायिक कार्य व्यापक रूप से प्रभावित रहा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन सग्गर और सचिव हिमांशु वालिया ने बताया कि कार्यकारिणी के सर्वसम्मत निर्णय के अनुसार किसी भी अधिवक्ता ने अदालतों में पेश होकर कार्य नहीं किया। इसके चलते अधिकांश मामलों में नियमित सुनवाई नहीं हो सकी और अदालतों ने बिना सुनवाई के मामलों को अगली तारीखों के लिए स्थगित कर दिया।
हड़ताल के दौरान कोर्ट कॉम्प्लेक्स और चैंबर कॉम्प्लेक्स के बीच स्थित गेट भी बंद रखे गए, जिससे आंदोलन के प्रति अधिवक्ताओं की एकजुटता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। पूरे दिन अदालत परिसर में अधिवक्ताओं ने हड़ताल का पालन किया और न्यायिक कार्य लगभग ठप रहा।
अध्यक्ष विपिन सग्गर ने कहा कि यह आंदोलन अधिवक्ताओं के हितों, पेशेवर स्वतंत्रता और न्याय व्यवस्था की पारदर्शिता की रक्षा के लिए किया जा रहा है। वहीं सचिव हिमांशु वालिया ने कहा कि जब तक वर्तमान LADC नीति वापस लेकर बार एसोसिएशनों के माध्यम से अधिवक्ताओं के पैनल की पूर्व व्यवस्था बहाल नहीं की जाती अथवा पंजाब बार एसोसिएशनों की जॉइंट एक्शन कमेटी (JAC) की ओर से कोई नया निर्देश जारी नहीं किया जाता, तब तक ‘नो वर्क डे’ जारी रहेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

