लुधियाना नगर निगम की जनरल हाउस मीटिंग स्थगित, प्रस्तावों पर सियासी घमासान
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 04:51 PM (IST)
लुधियाना (हितेश): नगर निगम लुधियाना की जनरल हाउस मीटिंग स्थगित होने की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर 3 बजे गुरु नानक भवन में आयोजित की जानी थी, लेकिन मीटिंग शुरू होने से पहले ही इसे स्थगित कर दिया गया। इस दौरान नगर निगम में कई अहम प्रस्तावों को लेकर सियासी माहौल गर्म रहा।

जानकारी के मुताबिक, मीटिंग में शहर के अलग-अलग हिस्सों में 82 करोड़ रुपए की लागत से मैकेनिकल स्वीपिंग करवाने का प्रस्ताव पेश किया जाना था। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से काम कर रहे 1,208 कर्मचारियों की सेवाओं को एक्सटेंशन देने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल था। लेकिन इन दोनों प्रस्तावों का कांग्रेस और भाजपा की ओर से विरोध किया जा रहा है। दोनों पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मेयर के घर के बाहर भी प्रदर्शन किया। मीटिंग के दौरान भी इन प्रस्तावों को लेकर विरोध की तैयारी थी।

उधर, आम आदमी पार्टी के कुछ पार्षदों की ओर से भी प्रस्तावों का विरोध किए जाने की बात सामने आई, जिसमें आम आदमी पार्टी को नगर निगम पार्टी को प्रस्ताव पास करवाने के लिए बहुमत प्राप्त नहीं हो सकती थी। मीटिंग स्थगित करने का आधिकारिक कारण पार्षद ऊषा प्रधान के निधन को बताया गया। हालांकि, राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी रही कि प्रस्तावों को लेकर विरोध और बहुमत का समीकरण भी बैठक टलने की वजह हो सकता है। नगर निगम की जनरल हाउस मीटिंग अब सोमवार को होने की जानकारी दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

