Ludhiana: सरपंच के पति पर राइफल के बट से हमला! दी गोली मारने की धमकी, पढ़ें...
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 09:40 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के ग्रामीण इलाके में विकास कार्यों को लेकर चल रही गुटबाजी और पंचायती रंजिश के चलते एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ गाँव के ही एक सिरफिरे व्यक्ति ने सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए मौजूदा महिला सरपंच के पति की आटा चक्की में घुसकर उन पर लोडेड राइफल तान दी। आरोपी ने सरेआम ललकारते हुए धमकी दी कि अगर गाँव में 'छप्पड़' का निर्माण करवाया, तो वह उन्हें गोलियों से भून देगा। हद तो तब हो गई जब मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने राइफल के बट से पीड़ित पर जानलेवा हमला कर दिया।
...तो मैं तुझे जिंदा नहीं छोड़ूँगा और सीधा गोली मार दूंगा
थाना सदर की पुलिस ने दिलराज सिंह के बयानों के आधार पर नामजद आरोपी अमर सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले की संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पंचायत सदस्य (सरपंच पति) ने बताया कि वह मौजूदा पंचायत के निर्वाचित सदस्य हैं और उनकी पत्नी गाँव की मौजूदा सरपंच हैं। बीते 7 जुलाई को वह रोज़ाना की तरह गाँव में स्थित अपनी आटा चक्की पर मौजूद थे और कामकाज संभाल रहे थे। इसी दौरान गाँव का ही रहने वाला दबंग आरोपी अमर सिंह हाथों में अपनी राइफल लहराता हुआ बेहद आक्रामक रूप में आटा चक्की के भीतर दाखिल हुआ। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी अमर सिंह चक्की के भीतर आते ही गंदी-गंदी गालियां बकने लगा। उसने पीड़ित को सीधे तौर पर ललकारते हुए कहा, "तू गाँव में छप्पड़ का निर्माण कैसे करवाता है, मैं भी देखता हूँ। अगर तूने छप्पड़ बनाने का काम शुरू करवाया, तो मैं तुझे जिंदा नहीं छोड़ूँगा और सीधा गोली मार दूँगा।" यह कहते हुए आरोपी अमर सिंह ने अपनी राइफल का ट्रिगर दबाने की नीयत से सीधे पीड़ित की छाती पर राइफल तान दी, जिससे चक्की पर मौजूद अन्य ग्राहकों में हड़कंप मच गया।
रसूख के नशे में चूर अमर सिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर
जब मौत बिल्कुल सामने खड़ी थी, तभी मौके पर मौजूद पंचायत सदस्य परमजीत सिंह और वहां खड़े अन्य ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए शेर जैसी बहादुरी दिखाई। परमजीत सिंह और अन्य लोगों ने तुरंत झपट्टा मारकर आरोपी अमर सिंह को दबोच लिया और सूझबूझ दिखाते हुए राइफल का मुंह सरपंच पति के सीने से दूसरी तरफ मोड़ दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, पंचायत सदस्य परमजीत सिंह और अन्य बुजुर्गों ने आरोपी अमर सिंह को शांत करने और समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन रसूख के नशे में चूर अमर सिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर था। उसने अचानक लोगों की गिरफ्त से खुद को छुड़ाया और एक दम पीड़ित सरपंच पति की तरफ झपट पड़ा। आरोपी ने अपनी राइफल के पिछले हिस्से यानी 'बट' से सीधे पीड़ित के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अमर सिंह सरेआम पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देता हुआ और गालियां निकालता हुआ मौके से फरार हो गया।

