लुधियाना पुलिस का एक्शन मोड, होटल, स्पा, हुक्का बार से कॉलेजों तक चेकिंग, 8 FIR और 7 गिरफ्तारियां

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 11:59 AM (IST)

लुधियाना (अनिल) : कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना की ओर से सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जांच और कार्रवाई की। अभियान की निगरानी पुलिस कमिश्नर लुधियाना के नेतृत्व में डीसीपी स्तर के अधिकारियों ने की, जबकि एसीपी, थाना प्रभारी और स्थानीय पुलिस टीमों ने जमीनी स्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया।

Ludhiana Police

अभियान के दौरान होटल, गन हाउस, अवैध स्पा, हुक्का बार, सैलून, कैसीनो और सट्टा प्वाइंटों की जांच की गई। इसके अलावा ट्रैवल एजेंटों का सत्यापन करने के साथ-साथ कॉलेजों के आसपास भी विशेष चेकिंग की गई, ताकि युवाओं को छेड़छाड़ तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों से सुरक्षित रखा जा सके। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

Ludhiana action

1600 से अधिक लोगों की जांच, 8 एफआईआर और 7 गिरफ्तारियां

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 1600 से अधिक लोगों की जांच की गई। विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 8 एफआईआर दर्ज की गईं और 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान नकदी तथा अन्य सामान भी बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी करना नहीं, बल्कि संभावित समस्याओं की समय रहते पहचान कर उन्हें बढ़ने से रोकना भी रहा।

Ludhiana Police Checking

वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, 1094 उल्लंघन पकड़े

सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की पालना को लेकर भी विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने वाहनों पर लगे काली फिल्म, फ्लैशर लाइट और अवैध हूटरों की जांच की। अभियान के दौरान काली फिल्म के 913, फ्लैशर लाइट के 172 और अवैध हूटर के 9 मामले सामने आए। कुल 1094 ट्रैफिक उल्लंघन दर्ज किए गए।

Ludhiana Police

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वाहनों में अनधिकृत उपकरणों के इस्तेमाल और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था, युवा सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, सुरक्षा जांच और निवारक पुलिसिंग को एक साथ प्राथमिकता दी गई।

कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों की सीधे तौर पर फील्ड में मौजूदगी और स्थानीय पुलिस टीमों की सक्रियता से पुलिसिंग में जवाबदेही और लोगों तक पुलिस की पहुंच को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस का फोकस अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ संभावित घटनाओं को पहले ही रोकने पर भी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News