लुधियाना के पॉश इलाके के पास एडवोकेट के साथ वारदात, शीशा खटखटाकर पहले मांगे 50 रुपये और फिर...
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 10:14 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके सराभा नगर की डब्बू मार्केट के पास कार में बैठे एक एडवोकेट से सोने की चेन स्नैचिंग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर बदमाश ने पहले कार का शीशा खटखटाकर महज 50 रुपये की मांग की और जैसे ही एडवोकेट ने मना किया, आरोपी ने उन पर हमला कर गले से करीब ढाई तोले की सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सराभा नगर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मॉडल टाउन एक्सटेंशन लुधियाना के रहने वाले राजदीप सिंह चूहान पेशे से एडवोकेट हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 24 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने कुछ दोस्तों के साथ सराभा नगर स्थित डब्बू मार्केट के पास आए थे। सभी दोस्त भाटिया प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर के पास अपनी कार खड़ी कर अंदर ही बैठे हुए थे।
एडवोकेट राजदीप सिंह के मुताबिक, जब वे लोग कार के भीतर बातचीत कर रहे थे, तभी एक क्लीन शेवन युवक उनकी गाड़ी के पास आया। उसने कार का शीशा खटखटाया और उनसे 50 रुपये मांगने लगा। एडवोकेट ने जब पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी अचानक तैश में आ गया और उसने उन पर हमला बोल दिया। इसी छीनाझपटी के दौरान शातिर लुटेरे ने राजदीप के गले में पहनी हुई करीब ढाई तोले की कीमती सोने की चेन पर झपट्टा मारा और उसे तोड़ लिया। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाते, आरोपी थोड़ी दूरी पर मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़े अपने साथी के पीछे बैठा और दोनों पलक झपकते ही फरार हो गए।
पॉश इलाके में एडवोकेट के साथ हुई इस वारदात के बाद सराभा नगर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई दविंदर सिंह ने बताया कि एडवोकेट के बयानों पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वारदात वाले स्थान और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों के हुलिए और बाइक के नंबर का पता लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

