Hotel से खाना खाकर निकल रहे Couple को लुटेरों ने बनाया निशाना, झपटी सोने की चेन

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 09:19 AM (IST)

लुधियाना (राज): स्मार्ट सिटी लुधियाना में झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पॉश इलाकों में भी अब लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। ताजा मामला आरती चौक के पास का है, जहां बेखौफ मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने एक डॉक्टर दंपत्ति को उस समय निशाना बनाया जब वे डिनर करके अपनी गाड़ी में बैठने ही वाले थे। सरेराह हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

लुटेरे ने झपट्टा मारकर खींची  पत्नी के गले की चेन
पुलिस को दी गई शिकायत में डॉक्टर शाम सुंदर ने बताया कि बीती 19 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ आरती चौक स्थित महाराजा होटल में खाना खाने गया था। जब वे खाना खाकर होटल से बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठने लगे, तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि दंपत्ति कुछ समझ पाता, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर पत्नी के गले में पहनी हुई सोने की चेन तोड़ ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ी ही तेजी से मोटरसाइकिल भगाते हुए मौके से फरार हो गए। 

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही पुलिस
अचानक हुए इस हमले से दंपत्ति बुरी तरह घबरा गया और उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन लुटेरे पलक झपकते ही ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस द्वारा होटल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News