दुकानों के शटर तोड़ घुसे चोर, लोगों ने खंभे से बांधकर की छित्तर परेड

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 08:58 AM (IST)

लुधियाना, (राज): टिब्बा रोड स्थित न्यू गुलाबी बाग कॉलोनी में देर रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने घुसे शातिर चोरों को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी और साहस दिखाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी इलाके की दो दुकानों के शटर तोडक़र अंदर दाखिल हुए थे और चोरी का सामान बोरियों में भरकर छत पर इकट्ठा कर रहे थे।

लोगों को भनक लगते ही जब घेराबंदी की गई, तो चोरों ने छत से ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हालांकि, लोगों ने जान की परवाह न करते हुए बाइक से भागने की कोशिश कर रहे तीन चोरों को धर दबोचा, जबकि उनका चौथा साथी मौके से भागने में सफल रहा। गुस्साए लोगों ने तीनों को बिजली के खंभे से बांधकर जमकर छित्तर परेड की और बाद में मौके पर पहुंची थाना टिब्बा पुलिस के हवाले कर दिया। घटना देर रात की बताई जा रही है। न्यू गुलाबी बाग कॉलोनी में स्थित दो दुकानों को निशाना बनाते हुए चार शातिर चोरों ने उनके शटर तोड़ दिए और भीतर दाखिल हो गए। दुकानों के अंदर से कीमती सामान समेटने के बाद आरोपी उसे दुकान की छत पर ले जाकर बोरियों में भर रहे थे, ताकि आसानी से फरार हो सकें। इसी दौरान छत पर हो रही संदिग्ध हलचल और खटपट की आवाज सुनकर आसपास के रहने वाले लोगों की आंख खुल गई। जब पड़ोसियों ने ध्यान से देखा, तो छत पर बोरियों के साथ संदिग्ध युवक नजर आए।

दुकानों में चोरी होने का अहसास होते ही मोहल्ले के लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए और चोर-चोर का शोर मचाते हुए दुकानों की तरफ दौड़े। खुद को घिरता देख चोरों ने बचने के लिए छत से नीचे खड़े लोगों पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे एकबारगी अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपी नीचे उतरकर अपनी बाइक स्टार्ट कर भागने की फिराक में थे। लेकिन लोगों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर ली और भागने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। रंगे हाथों पकड़े जाने और पथराव करने से गुस्साए स्थानीय लोगों ने तीनों चोरों को रस्सी से बिजली के खंभे से बांध दिया और उनकी जमकर धुनाई की। घटना की सूचना तुरंत थाना टिब्बा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से तीनों आरोपियों को छुड़ाकर अपनी कस्टडी में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News