लुधियाना में चोरों ने अस्पताल में लगाई सेंध, CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 09:24 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ चोर गिरोहों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे अस्पतालों जैसे संवेदनशील स्थानों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामले में स्थानीय मोहनदेई ओसवाल कैंसर अस्पताल, लुधियाना के परिसर में रात के अंधेरे में घुसे दो अज्ञात चोरों ने मोर्चरी के नजदीक रखे जनरेटर की बैटरियों पर हाथ साफ कर दिया।

अस्पताल के सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर संबंधित थाना पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए गए बयानों में शिकायतकर्ता राकेश कुमार ने बताया कि वह मोहनदेई ओसवाल कैंसर अस्पताल, लुधियाना में बतौर सिक्योरिटी इंचार्ज ड्यूटी करते हैं। उन्होंने बताया कि बीती 08 नवंबर की दरम्यानी रात को दो अज्ञात व्यक्ति अस्पताल परिसर में दाखिल हुए और वहां मोर्चरी के पास रखे हुए जनरेटर की बैटरियां चोरी करके अपने साथ ले गए।

अस्पताल प्रबंधन के संज्ञान में मामला आने के बाद सिक्योरिटी इंचार्ज राकेश कुमार ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी। संबंधित थाना पुलिस ने राकेश कुमार के बयानों के आधार पर 2 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके और चोरी हुई बैटरियां बरामद की जा सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News