Ludhiana में दिनदहाड़े वारदात! घर के बाहर खड़ी युवती को बदमाशों ने बनाया निशाना
punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 09:42 AM (IST)
लुधियाना(राज): बेखौफ घूम रहे झपटमारों ने एक बार फिर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देते हुए घर के बाहर अपनी गाड़ी में बैठ रही एक युवती के हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया। आरोपी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर आया था और पलक झपकते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पीड़ित युवती गुरमनजोत कौर के बयानों के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात एक्टिवा सवार झपटमार के खिलाफ स्नैचिंग की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए बयानों में शिकायतकर्ता गुरमनजोत कौर ने बताया कि वह अपनी माता कमलजीत कौर के साथ अपना खराब हुआ रेडमी मोबाइल फोन ठीक करवाने के लिए जाने हेतु अपने घर से बाहर निकली थी। जैसे ही गुरमनजोत कौर अपने घर के बाहर खड़ी अपनी गाड़ी में बैठने लगी, तो उसी समय पीछे से अचानक एक अज्ञात व्यक्ति सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटर पर बेहद तेज रफ्तार से आया। गुरमनजोत कौर के अनुसार, तेज रफ्तार एक्टिवा सवार झपटमार ने उसके दाहिने हाथ में पकड़ा हुआ मोबाइल फोन झपट्टा मारकर छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
जब तक मां-बेटी कुछ समझ पातीं और शोर मचातीं, तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस ने पीड़िता गुरमनजोत कौर के बयानों पर अज्ञात सफेद एक्टिवा सवार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात स्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी और उसकी एक्टिवा के नंबर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

