लुधियाना में चोरी का अजब मामला! दो पक्षों में हो रही थी बहसबाजी, मौके का फायदा उठा सरेआम वारदात को अंजाम दे चोर
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 03:13 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में शातिर चोरों की कारस्तानियां इस कदर बढ़ चुकी हैं कि अब वे चोरी का कोई भी मौका हाथ से जाने नहीं दे रहे हैं। थाना डिवीजन नंबर-2 के अधीन आती चौकी जनकपुरी के इलाके से चोरी का एक बेहद ही अजीबोगरीब और अनोखा मामला सामने आया है। यहां दो लोगों के बीच हो रही तीखी बहसबाजी और हंगामे का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात चोर ने सरेआम दुकान के बाहर लगा बिजली विभाग का सरकारी मीटर ही उखाड़ डाला और उसे लेकर रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जनकपुरी इलाके में संजीव कुमार और जगदीश कुमार के बीच किसी बात को लेकर आपस में तीखी बहसबाजी और कहासुनी हो रही थी। दोनों पक्ष दुकान के बाहर ही एक-दूसरे से उलझ रहे थे और आस-पास लोगों का ध्यान उसी हंगामे पर था। तभी वहां मौजूद किसी शातिर अज्ञात चोर की नजर संजीव कुमार की दुकान के बाहर लगे बिजली विभाग के मीटर पर पड़ गई। माहौल में मचे हड़कंप और भीड़ का फायदा उठाते हुए उस अज्ञात चोर ने बड़ी चालाकी से बिजली का मीटर कटर या औजारों की मदद से उखाड़ लिया और किसी को भनक लगे बिना मौके से सामान समेट कर फरार हो गया। बहस खत्म होने और भीड़ छटने के बाद जब पीड़ित का ध्यान दीवार पर गया, तो सरकारी मीटर वहां से नदारद था। एसआई शिविंदर सिंह के मुताबिक अज्ञात चोर के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपी को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

