लुधियाना में पराली जलाने के मामलों ने बढ़ाई चिंता, 383 केस आए सामने, अधिकारियों को भी नोटिस
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 01:13 PM (IST)
लुधियाना (राज): जिले में धान की कटाई का कार्य शत-प्रतिशत (100 फीसदी) पूरा हो चुका है, लेकिन प्रशासनिक सख्ती और जागरूकता अभियानों के बावजूद इस सीजन पराली जलाने (फार्म फायर) की घटनाओं में पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक पराली जलाने के कुल 383 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि पिछले साल कुल 219 मामले ही दर्ज किए गए थे। यानी इस बार पिछले साल के मुकाबले 164 मामले अधिक सामने आए हैं। हालांकि, प्रशासन ने भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए लाखों रुपये का जुर्माना ठोका है और बड़ी संख्या में एफ.आई.आर. व रेड एंट्री की कार्रवाई की है।
पी.पी.सी.बी. के आंकड़े: 203 जगहों पर आग लगाने की पुष्टि, 9.25 लाख जुर्माना
जिले में इस सीजन करीब 2.6 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की गई थी। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 15 सितंबर से 23 नवंबर तक के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फील्ड अधिकारियों ने कुल 371 खेतों का भौतिक निरीक्षण किया, जिनमें से 203 स्थानों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई।
नियमों की अवहेलना करने वालों पर प्रशासन ने चौतरफा शिकंजा कसा है:
पर्यावरणीय जुर्माना (EC): दोषी पाए गए किसानों पर कुल 9.25 लाख रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा (जुर्माना) लगाया गया है। एफ.आई.आर. व रेड एंट्री: 73 किसानों के खिलाफ पुलिस थानों में एफ.आई.आर. (FIR) दर्ज करवाई गई है, जबकि 132 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड (फर्द/गिरदावरी) में 'रेड एंट्री' दर्ज की गई है, जिससे भविष्य में उनकी जमीन की खरीद-फरोख्त व ऋण संबंधी लेन-देन प्रभावित हो सकते हैं। अधिकारियों पर भी गिरी गाज: जिन इलाकों में पराली जलाने की अधिक घटनाएं सामने आईं, वहां के नोडल और सुपरवाइजरी अधिकारियों को 125 चेतावनी नोटिस जारी किए गए हैं।
महानगर की आबोहवा (AQI) में सुधार, 246 से गिरकर 194 पर आया स्तर
एक राहत भरी खबर यह है कि पराली के सीजन का अंतिम दौर होने के साथ ही लुधियाना की हवा की गुणवत्ता में पिछले कुछ दिनों से लगातार सुधार देखने को मिल रहा है:
मंगलवार शाम: औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 194 दर्ज किया गया, जो कि 'मध्यम' (Moderate) श्रेणी में आता है।
पिछले दिनों का हाल: इससे पहले सोमवार को औसत AQI 200, रविवार को 207 और शनिवार को 246 दर्ज किया गया था, जब शहर की हवा 'खराब' (Poor) श्रेणी में बनी हुई थी।
मामलों की संख्या बढ़ी पर कुल जला हुआ क्षेत्र कम हुआ— डी.सी. हिमांशु अग्रवाल
इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि इस साल पराली जलाने के मामलों की संख्या भले ही बढ़ी है, लेकिन सैटेलाइट व फील्ड आकलन के अनुसार कुल जला हुआ क्षेत्र कम हुआ है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य फोकस अब अगले सीजन की तैयारी पर है, जिसके तहत विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों को पराली प्रबंधन की आधुनिक मशीनरी उपलब्ध करवाने और उन तक मशीनरी की आसान पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि आग लगाने की घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

