महिला को झांसे में लेकर ब्लैकमेलिंग का घिनौना खेल: इंस्टाग्राम पर भेजी विवाहिता की आपत्तिजनक तस्वीरें और फिर...

punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 11:00 AM (IST)

लुधियाना (राज): महिला को ब्लैकमेल कर उसके साथ बार-बार जबरन दुष्कर्म किए जाने का बेहद घिनौना मामला सामने आया है। एक शातिर आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए महिला को अपने जाल में फंसाया और फिर उसकी प्राइवेसी में सेंध लगाकर उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली। इसके बाद आरोपी ने इन तस्वीरों के जरिए महिला को बदनाम करने का खौफ दिखाकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और आखिरकार उसकी ये तस्वीरें उसके ही परिवार को भेज दीं।

पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित महिला ने बताया कि बीती 14 जून को आरोपी ने सारी हदें पार करते हुए उसके जेठ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उसकी कुछ बेहद आपत्तिजनक और निजी तस्वीरें सेंड कर दीं। जेठ के पास तस्वीरें पहुंचने के बाद जब पीड़िता के पति ने उससे पूछा तो पीड़िता ने बताया कि ये तस्वीरें साल 2025 में खींची गई थीं। उस समय मंदीप नाम का एक युवक उसके साथ सोशल मीडिया ऐप स्नैपचैट पर फ्रेंड लिस्ट में ऐड हुआ था। धीरे-धीरे बातों का सिलसिला बढ़ा और आरोपी मंदीप ने उसे बहला-फुसलाकर मिलने के बहाने समराला चौक स्थित 'होटल 11 इन' में बुलाया। वहां ले जाकर आरोपी ने महिला के साथ जबरन गलत संबंध बनाए और धोखे से उसकी कुछ बेहद आपत्तिजनक तस्वीरें अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लीं।

इसके बाद आरोपी मंदीप का असली चेहरा सामने आया। वह महिला को वही तस्वीरें और वीडियो दिखाकर समाज में बदनाम करने की धमकियां देने लगा। लोक-लाज और बदनामी के डर दिखा कर से आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा। वह डरा-धमकाकर बार-बार महिला को जबरन उसी 'होटल 11 इन' में ले जाता रहा और उसकी मर्जी के खिलाफ लगातार उसके साथ कलयुगी दरिंदगी को अंजाम देता रहा। जब महिला ने इसका और विरोध करना चाहा, तो आरोपी ने उसके परिवार को बर्बाद करने की नीयत से तस्वीरें उसके जेठ को फॉरवर्ड कर दीं।

इस संवेदनशील मामले की शिकायत मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी मंदीप के खिलाफ महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने, जबरन ब्लैकमेल करने और बार-बार दुष्कर्म जैसी संगीन और गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News