बिट्टू कत्ल कांड के मोहाली से भी जुड़े हैं तार

punjabkesari.in Monday, Jun 24, 2019 - 12:35 PM (IST)

मोहाली (कुलदीप): नाभा जेल में डेरा सच्चा सौदा प्रेमी महिन्द्रपाल सिंह बिट्टू के हुए कत्ल के केस के तार मोहाली से भी जुड़े हुए हैं। बिट्टू कत्ल केस में एक आरोपी गुरसेवक सिंह को नामजद किया गया है जो मोहाली अदालत की ओर से जंटा कत्ल केस में सुनाई गई उम्रकैद की सजा काट रहा है। आरोपी गुरसेवक सिंह जिला मोहाली के गांव झियूरहेड़ी का निवासी है।

ज्ञात रहे कि 7 जुलाई 2014 को मोहाली के नजदीक गांव कंबाला स्थित एक सर्विस स्टेशन पर गांव सिआऊ निवासी गुरजंट सिंह जंटा अपने दोस्त मेजर सिंह के साथ कार की सर्विस करवाने गया था। इसी दौरान 2 कारों में कई युवक तेजधार हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे जिन्होंने गुरजंट सिंह जंटा पर कातिलाना हमला कर दिया तथा मौके से फरार हो गए थे।

इस हमले में जंटा गंभीर रूप में घायल हो गया था जिसकी पी.जी.आई. चंडीगढ़ पहुंच कर मौत हो गई थी। उस केस में मोहाली अदालत ने गत वर्ष 2018 में 12 अक्तूबर को सभी आरोपियों कुलदीप सिंह उर्फ दीपा, सुखप्रीत सिंह उर्फ रोडा, दलबीर सिंह उर्फ दलजीत सिंह उर्फ दल्ली, कमलदीप सिंह उर्फ कमल, गगनदीप सिंह उर्फ लाडा (सभी निवासी गांव धर्मगढ़), गुरसेवक सिंह निवासी गांव झियूरहेड़ी, हरप्रीत सिंह निवासी गांव बाकरपुर, रूपिन्द्र सिंह निवासी गांव लांडरां को सजा सुना दी थी। उन्हीं आरोपियों में गुरसेवक सिंह भी शामिल था जिसे उम्रकैद की सजा सुनाने उपरांत जेल भेज दिया गया था जोकि अब नाभा जेल में बिट्टू कत्ल केस में नामजद किया गया है।

swetha