आदमपुर से दिल्ली की फ्लाइट व PAP फ्लाइओवर की सर्विस लेन शुरू करवाने पर मुख्य फोकस

punjabkesari.in Saturday, Aug 02, 2025 - 08:35 PM (IST)

आम जनता को जमीनी स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का लक्ष्य

डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल के साथ ‘पंजाब केसरी’ की विशेष बातचीत

जालंधर  (पुनीत डोगरा): लोकसभा चुनावों के दौरान जिले के डिप्टी कमिश्नर की कमान संभालने वाले 2014 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी डा. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि प्रशासनिक सुधारों पर काम करते हुए आम जनता को जमीनी स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध करवाना अहम लक्ष्य है। आदमपुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट और पी.ए.पी. चौक फ्लाइओवर से अमृतसर की तरफ सर्विस लेन शुरू करवाना मुख्य फोकस बना हुआ है।

डी.सी. हिमांशु अग्रवाल की धर्मपत्नी कोमल मित्तल अग्रवाल भी आई.ए.एस. अधिकारी हैं और इस समय मोहाली में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। डा. अग्रवाल को जालंधर में लगभग डेढ़ साल का समय होने वाला है, इस दौरान उनके अनुभव व जिले में विकास कार्यों के संबंध में बातचीत की गई। उन्होंने कहा कि आदमपुर सिविल एयरपोर्ट से मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू हो चुकी है और अब दिल्ली की सीधी फ्लाइट शुरू करवाने का काम अंतिम चरण में है, जिसपर फोकस किया गया है। वहीं, पी.ए.पी. फ्लाइओवर संबंधी प्लान का डिजाइन बनाकर एप्रूवैल के लिए भेजा हुआ है, इसपर भी जल्द ही एप्रूवैल आ जाएगी जिससे जनता को बड़ी राहत मिलेगी। जिले में चल रहे विकास कार्यों जैसे कई मुद्दों पर डी.सी. हिमांशु अग्रवाल से बातचीत की गई पेश हैं जिसके मुख्य अंश इस प्रकार है:-

प्र: डी.सी. बनने का सफर कैसे शुरू हुआ

उ. फिरोजपुर छावनी के रहने वाले सुरिन्द्र अग्रवाल के सुपुत्र डा. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि अब तो सिविल सर्विस ज्वाइन किए 11 साल हो चुके हैं, लेकिन उस समय देश सेवा का जो जज्बा था वह आज भी कायम है। यू.पी.एस.सी. में 28वां रैक लेने वाले डा. अग्रवाल का कहना है कि समाज सेवा दिल में होनी चाहिए तो रास्ते खुद ब खुद आसान हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे स्कूल में डिप्टी कमिश्नर का बेटा मेरा सहपाठी था, तभी से मेरा सपना था कि मैं भी डी.सी. बनू। यू.पी.एस.सी. परीक्षा में उन्होंने राजनीति विज्ञान को अपना वैकल्पिक विषय चुना। इससे पहले उन्होंने एम.बी.बी.एस. की पढ़ाई पूरी की और कुछ वर्ष राज्य स्वास्थ्य सेवाओं से जूड़े रहे।

डा. अग्रवाल ने कहा कि सिविल सर्विस में ज्वाइन करते वक्त समाज में सुधार व जरूरतमंदों की मदद करने का इरादा रखा था, जिसे आज तक आधार बनाकर चल रहा हूं।

प्र.: कौन सी योजना से जनता को बड़ा लाभ मिलेगा

उ: आर.सी./ड्राइविंग लाइसैंस/राजस्व से जुड़ी 32 सेवाएं अब सेवा केन्द्रों में उपलब्ध करवा दी गई है। मॉडल टाऊन के सेवा केन्द्र सुबह 8 से रात 8 बजे तक खोला गया है, यह एक ट्रॉयल है भविष्य में शहर के दूसरे स्थानों पर भी सुविधा केन्द्रों का समय बढ़ाने की योजना है। तहसील में जनता की सुविधा हेतु ईजी रजिस्ट्रेशन प्रोजैक्ट शुरू करवाया है। नागरिकों की सुविधा के लिए एक हैल्पलाइन नंबर 0181-2602139 और एक व्हाट्सअप नंबर 9646-222-555 शुरू किया गया है। कोई भी व्यक्ति इन नंबरों पर कॉल या संदेश भेजकर समस्या, सुझाव या जानकारी सांझा कर सकता है।

-

प्र. किस प्रोजैक्ट को सबसे महत्वपूर्ण मानते हैं?

उ. दिल्ली-कटरा एक्सप्रैस वे का निर्माण कार्य चल रहा है, इसके लिए जमीन का अधिग्रहण करके एन.एच.ए.आई. को चार्ज दिया जा चुका है। इस एक्सप्रैस वे बनने के बाद कनैक्टिविटी आसान होगी जोकि व्यापारियों, आम जनता सहित सभी के लिए बड़ी सुविधा लेकर आएगी। इसके अलावा फोरलेन की जा रही होशियारपुर रोड, धौगड़ी रोड, आदमपुर वाली रोड पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, इसे पूरा करवाने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बर्ल्टन पार्क का निर्माण कार्य समय सीमा पर पूरा करना अहम केन्द्र बिंदू है।

-

प्र. सड़कों/सफाई/कब्जों पर क्या रणनीति है

उ. खाली प्लाट में कूड़ा हटवाने पर तेजी से काम चल रहा है, क्योंकि गंदगी व प्लाटों में पानी भरने से मच्छर व बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं। इससे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों को जन्म देते हैं। इसके तहत प्लाटों से कूड़ा हटवाने और चारदीवारी करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन करने वाले 350 लोगों को नोटिस जबकि 250 से अधिक चालान किए जा चुके हैं। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। पराली जलाने पर बड़े स्तर पर सख्ती अपनाई जा रही है, हॉट स्पॉट गांवों पर पैनी नजर रखने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया। इसके लिए क्लस्टर अधिकारी नजर रख रहे हैं। आई-खेत एप्प के प्रति किसानों को जागरूक किया जा रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाने व हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 3.5 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं।

-

प्र. प्रशासनिक जीवन में सबसे खास दिन कौन सा रहा?

उ. शांतिपूवर्क लोकसभा चुनाव करवाने जैसे कई यादगार दिन हैं, लेकिन शाहकोट का देश का नंबर 1 ब्लॉक बनना मेरे जीवन के खास दिनों में एक है। टीम की मेहनत की बदौतल जालंधर जिले ने देशभर में बड़ा मुकाम हासिल किया, नीति आयोग के एस्पिरैशनल ब्लॉक प्रोग्राम (ए.बी.पी) में शाहकोट ब्लॉक को पहले स्थान पुर चुना गया, जोकि बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए हमने कई रातें जागकर काम किया था।

----

प्र. सबसे बड़ी चुनौती क्या रही, हल कैसे निकाला?

उ. भारत-पाकिस्तान के बीच जंग के हालातों का समय सबसे बड़ी चुनौती रहा। ऐसे हालात बन गए थे कि रात में सोने को भी नहीं मिलता था। दिन-रात काम करना, जनता को सही जानकारी देना, अधिकारियों के साथ तालमेल बनाना, पाकिस्तान की तरफ से हो रही ड्रोन घुसपैठ पर नजर रखना काफी मुश्किल वक्त था। इससे पहले गुरदासपुर में बाढ़ आने का समय काफी कठिन अनुभव रहा। कोविड के टाइम पर अमृतसर में ड्यूटी के समय काफी कठिन समय देखा, उस समय मेरी पत्नी की भी अमृतसर में तैनाती थी। लेकिन मुश्किल दौर के बाद जनता की दुआएं और समाज का जो प्यार मिला, उसने मुश्किल समय की दर्द भरी यादों को भूलने में मदद की।

-

प्र. यूथ को क्या कहेंगे, खासकर सिविल सर्विस में जाने वालों को?

उ. दूर से हम जो देखते और सोचते है वो बहुत सुंदर लगता है लेकिन असल सच्चाई का पता पास जाकर और अनुभव करने सो होता है। कई युवा सिविल सर्विस में केवल रूतबे के लिए आना चाहते हैं, ऐसे युवाओं को अपनी सोच में समाज सेवा को लाना होगा। सिविल सर्विज के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत है। जो भी इस फील्ड में आना चाहते हैं उन्हें तैयारी करते समय प्रण लेना चाहिए, कि पूरा समय सोसायटी की सेवा में लगाने को तैयार रहेंगे। कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है कि फैमिली मैंबरों और घरेलू कार्यक्रमों को भी मिस करना पड़ता है।

-

प्र. जालंधर के बारे में क्या कहना चाहते हैं

उ. मैने जहां पर भी सर्विस की उस जगह को अपना घर समझा। मेरा मानना है कि जहां भी सर्विस चल रही है, उसे अपना घर, अपना मंदिर मानकर चलना चाहिए। इससे आप उस जिले, जगह, शहर के साथ दिल से जुड़ जाएंगे। इससे उस इलाके का विकास भी घर की तरह करना चाहेंगे। मेरे लिए जिला जालंधर मेरा घर है और मेरा घर मेरे लिए मेरा मंदिर है। जालंधर के लोगों से सहयोग मिल रहा है जिसके लिए मैं जिले के लोगों का आभारी हूं।

-

प्र. पत्नी मोहाली में डी.सी. है, परिवार के लिए वक्त कैसे मिलता है?

उ. पत्नी कोमल मित्तल मोहाली में डी.सी. के तौर पर सेवाएं दे रही है। डी.सी. होने के चलते वह समाज के प्रति जिम्मेदारियों को भली-भांति समझती है। हम दोनों का आपस में तालमेल बोहत अच्छे से चल रहा है। ऐसा जीवन साथी मिलना सौभाग्य की बात होती है। बच्चों को जिम्मेदारी परिवार संभाल रहा है और जब भी वक्त मिलता है तो सब मिलकर अच्छा समय व्यतीत करते हैं।

-

प्र. लोगों का काम न करने वाले अधिकारियों पर क्या कहेंगे?

उ. इसका सीधा जवाब है, जीरो टॉलरेंस नीति। इसी के तहत ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर 3 पंचायत सचिवों को निलंबित किया गया है। पिछले समय के दौरान मिली रिपोर्ट के आधार पर जिले के 3 पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से निलंबित कर दिया गया था। पब्लिक को परेशान करने वाले किसी भी कर्मचारी/अधिकारी के साथ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। जनता समस्या बताए, समाधान हम करेंगे।

-

प्र. जनता को खराब सड़कों की परेशानी से राहत कब?

उ. मेरी सड़क, मेरी जिम्मेदारी के तहत विभिन्न अधिकारियों द्वारा 51 सड़कें गोद ही गई है। प्रत्येक अधिकारी 10 किलोमीटर की सड़क की निगरानी कर रहा है। मैने खुद जालंधर-फगवाड़ा रोड की जिम्मेदारी ले रखी है। पंजाब को देश का सबसे स्वच्छ राज्य बनाने के उद्देश्य से इस योजना को शुरू किया गया है। इसके तहत सड़कों का सुधार करके नई मिसाल पेश होगी। सफाई, रख-रखाव और बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाया जााएगा। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट की पहचान करके उनपर रोक लगाई जा रही है। नैशनल हाईवे/मुख्य सड़कों के अवैध कटों को तुरंत प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

-

प्र. नशों की रोकथाम/युवाओ को बचाने हेतु प्रशासन क्या कर रहा है

उ. युद्ध नशे के विरूद्ध के तहत नशों पर रोक लगाने के भरसर प्रयास चल रहे हैं। प्रशासन द्वारा मॉडल नशा छुड़ाओं केन्द्र बनाए जा रहे है, जिसमें जिमनेजियम, योग, कौशल विकास जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी जा रही है। युवाओं को मुख्य धारा में वापस लाने की बड़ी योजनाएं हैं। मॉडल नशा मुक्ति केन्द्रों में नए कौशल विकास कोर्स करवाए गए हैं। नशों के खिलाफ युद्ध के अन्तर्गत युवाओं के लिए 2 करोड़ के खर्च से 6 लाइब्रेरियां बनवाई जा रही है। युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के अन्तर्गत अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह नशा मुक्ति केंद्रों का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पब्लिक पॉलिसी इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत विद्यार्थियों को सरकारी दफ्तरों का अनुभव करवाया जा रहा है।

-

प्र. आम जनता से फीडबैक कैसे लेते हैं? और उसे अपने फैसलों में कैसे शामिल करते हैं?

उ. जनता तक पहुंच करने का दायरा बढ़ाया जा रहा है, जितना भी संभव हो सके जनता के सुझावों पर विचार किया जाता है और उसे अपने फैसलों में लागू करवाने की कोशिश की जाती है। कई बार आम लोगों से मिलने वाली राय बोहत फायदेमंद साबित होती है।

-

प्र. मानवता-प्रशासन के बीच संतुलन कैसे बनाते हैं?

उ. कई बार ऐसी चीजे सामने आती है जिसपर फैसला लेना बोहत मुश्किल हो जाता है। कई बार सामने वाला व्यक्ति ठीक भी लग रहा होता है, लेकिन नियमों की पालना करना भी जरूरी होता है। ऐसे में बैलेंस बनाकर चलना पड़ता है ताकि किसी के साथ न इंसाफी न हो। ऐसे में कोशिश रहती है कि संबंधित व्यक्ति को समझाया जा सके। नियमों में रहते हुए परेशान व्यक्ति की मदद करना मुख्य लक्ष्य रहता है।

-

प्र. खुद के लिए समय मिलने पर क्या करना पसंद करते हैं?

उ. जल्दी उठना मेरी आदतों में शामिल है और इस नियम का हमेशा पालन करता हूं। उठकर कुछ वर्क आऊट, गेम्ज खेलना पसंद है। कोई एक गेम पर पूरा फोकस नहीं है। खेलने में क्रिकेट, लॉन टैनिस, टेबल टैनिस, बैडमिनटन पसंद है। कोई भी गेम हो शरीर को एक्टिव रखना जरूरी है। कोई अच्छा म्यूजिक हो तो उसपर भी समय निकालने की कोशिश रहती है।

प्र. कौन के अहम योजनाएं इस समय चल रही है

उ. छोटे-छोटे बोहत से प्लान हैं जिनपर काम चल रहा है, इससे जनता को बड़ी सुविधा और राहत मिलेगी। गौवंश को सड़कों पर छोड़ने की बजाए गऊशाला में पहुंचाना यकीनी बनाना, काऊ सेस एकत्रित कर गौवंश की सेवा में लगाना। शहर में बिजली/इंटरनैट की तारों के मक्कड़ जाल को हटाना। मिलावट पर रोक को लेकर मुहिम तेज की कई है, रूटीन में सैंपल भरवाए जा रहे है ताकि जनता की सेहत से खिलवाड़ न हो। सी.एम. दी योगशाला के अन्तर्गत जिले में रोजाना लग रहे योगा कैंपों की संख्या बढ़ाना। जनता को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करना। प्रोजैक्ट चेतना के अंतर्गत विद्यार्थियों को आपात स्थिति में जीवन रक्षक प्राथमिक उपचार कौशल सिखाना, नशे के दुष्प्रभावों संबंधी शिक्षकों को ट्रेनिंग देना। महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल करते हुए केयर गिवर ट्रेनिंग सहित कई कार्यक्रमों का आगाज किया गया है। दिव्यांग एवं सीनियर सिटीजन वोटरों के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। प्र्रतियोगी परीक्षाओं के लिए लड़कियों को मुफ्त कोचिंग दी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News