पंजाब में बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 10 पिस्तौल और 9 जिंदा कारतूस समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 12:50 PM (IST)

अमृतसर(रमन): कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे। आरोपी सीमा पार से भेजी गई अवैध हथियारों की खेप प्राप्त करते थे और उन्हें आगे अपराधी तत्वों तक पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार सीमा पार संचालित संगठित अपराध से जुड़े हो सकते हैं।

थाना छेहरटा और मकबूलपुरा में एफआईआर दर्ज
इस मामले में थाना छेहरटा और थाना मकबूलपुरा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से आए, किन-किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे और इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।

जांच में और गिरफ्तारियों की संभावना
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी और इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही विदेशी तस्कर और उसके स्थानीय संपर्कों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News