पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राजस्थान के 2 तस्कर अफीम और पोस्त सहित गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 05:50 PM (IST)
अबोहर (भारद्वाज) : नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुईयां सरवर पुलिस को दो अलग-अलग कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राजस्थान के दो युवकों को 1 किलो अफीम और 5 किलो पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं।
पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर यह पता लगाएगी कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और पंजाब में किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार सहायक सबइंस्पैक्टर प्रताप सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव दानेवाला सतकोसी से बकैनवाला लिंक रोड पर देर रात गश्त कर रहे थे। इसी दौरान राजस्थान की ओर से पैदल आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसके कब्जे में मौजूद लिफाफे की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसमें से 1 किलो अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान गंगाराम पुत्र दयाराम निवासी दरियापुर तहसील डग जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं 18, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में हवलदार राजपाल कौर पुलिस पार्टी के साथ दानेवाला सेमनाला के पास गश्त कर रही थीं। इस दौरान एक युवक को संदेह के आधार पर रोककर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के गट्टे की तलाशी ली गई। तलाशी में 5 किलो पोस्त बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान गगनदीप सिंह पुत्र हरबंस सिंह निवासी पक्की थाना हिंदूमलकोट जिला श्रीगंगानगर (राजस्थान) के रूप में हुई। उसके खिलाफ भी एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं 15, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

