ऑनलाइन लेडीज सूट का ऑर्डर पड़ा भारी, एक क्लिक के बाद उड़े होश

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 12:53 PM (IST)

मोगा (आजाद) : मोगा जिले के गांव चड़िक निवासी एक युवती को ऑनलाइन लेडीज सूट का ऑर्डर करना उस समय महंगा पड़ गया, जिसे रद्द करते ही उसके खाते से 22 लाख 21 हजार 931 रुपए गायब हो गए। जिस पर उन्होंने थाना साइबर क्राइम मोगा को शिकायत की।

मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद अब्दुल निवासी गांव चड़िक ने थाना साइबर क्राइम को दिए शिकायत पत्र में कहा कि वह दुकानदारी करता है, गत 14 अप्रैल 2026 को उसकी बेटी सायन खातून ने ऑनलाइन लेडीज सूट का ऑर्डर किया था, जिसे उसने बाद में रद्द करवा दिया लेकिन इसी दौरान उसका फोन हैक हो गया और उनके खाते से 22 लाख 21 हजार 931 रुपए की राशि अलग-अलग खातों में चली गई।

जिस पर उन्होंने थाना साइबर क्राइम को सूचित किया। इस मामले की जांच कर रही सहायक थानेदार राजविन्द्र कौर ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद मोहम्मद अब्दुल की शिकायत पर कथित आरोपियों मरियाज, निजामुद्दीन, रिंकू मीना सभी निवासी साडोली सदर अलवर राजस्थान, नराइंदिर निवासी गांव कियारा खरीथल अलवर राजस्थान के खिलाफ धोखाधड़ी तथा कथित मिलीभगत के अलावा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच अधिकारी ने कहा कि कथित आरोपियों को काबू करने के लिए उनके ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उक्त मामले में किसी अन्य का नाम सामने आया, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila